बिहार : मगध मेडिकल काॅलेज के आइसीयू से बच्चा गायब, 64 कैमरे के फुटेज में चोर की तलाश

गया : बिहारमें गयाके मगध मेडिकल काॅलेज व अस्पताल में सोमवार को आइसीयू से बच्चा गायब होने का मामला सामने आया है. खिजरसराय के केनी गांव की रहने वाली पिंकी देवी की नवजात बेटी सोमवार की सुबह आठ बजे के बाद आइसीयू से गायब हो गयी है. मेडिकल काॅलेज के सबसे संवेदनशील यूनिट से किसी […]
गया : बिहारमें गयाके मगध मेडिकल काॅलेज व अस्पताल में सोमवार को आइसीयू से बच्चा गायब होने का मामला सामने आया है. खिजरसराय के केनी गांव की रहने वाली पिंकी देवी की नवजात बेटी सोमवार की सुबह आठ बजे के बाद आइसीयू से गायब हो गयी है. मेडिकल काॅलेज के सबसे संवेदनशील यूनिट से किसी बच्चे का गायब हो जाने का मामला पहली बार सामने आया है. घटना के बाद से ही अस्पताल प्रशासन सकते में हैं. आइसीयू के अंदर और बाहर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इधर, गायब लड़की का परिवार आइसीयू के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहा है. परिवार का कहना है कि बच्चा गायब होने की सूचना पर जब वह लोग आइसीयू में पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर रहे कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया. मेडिकल थानाप्रभारी लाल बिहारी पासवान के मुताबिक अभी तक इस मामले में थाने में लिखित तौर पर शिकायत दर्ज नहीं की गयी है. जबकि गायब लड़की के नाना रामाशीष भारती का कहना है कि शिकायत लेेकर जाने के बाद भी थानाप्रभारी ने आवेदन नहीं लिया.
विशेष देखभाल के लिए भेजा गया था अाइसीयू
खिजरसराय के केनी गांव के रहने वाले रामाशीष भारती ने बताया कि शुक्रवार को उनकी बेटी पिंकी देवी को मगध मेडिकल काॅलेज व अस्पताल में भरती कराया. शनिवार की सुबह पांच बजे उनकी बेटी का आॅपरेशन हुआ. पिंकी ने लड़की को जन्म दिया. बच्ची कमजोर थी, वह काफी देर तक नहीं रोयी. चिकित्सकों ने उसे अासीयू में नवजात बच्चों के विशेष देखभाल के लिए बने यूनिट में रखवा दिया. श्री भारती ने बताया कि शनिवार की शाम उनकी बेटी पिंकी अपने बच्ची को दूध पिलाने गयी. इसके बाद रविवार की सुबह पिंकी की फुआ जयंती देवी कटोरी में दूध लेकर बच्चे को दूध पिलाने गयी. जयंती देवी जब वापस आयी, उसके बाद पिंकी की मां यानी बच्चे की नानी चंचला देवी भी आइसीयू में बच्चा देखने गयी. इसके बाद वह सभी गाइनोकोलाॅजी विभाग जहां पिंकी भर्ती है, वहां थे. इसी दौरान उन्हें आइसीयू से बच्चे के गायब होने की जानकारी मिली.
एक दूसरे बच्चे के परिजनों ने दी जानकारी
गाइनोकोलॉजी विभाग में जिस बेड पर पिंकी भर्ती है,उसके बगल वाले बेड पर टिकारी मकपा की अलरिया देवी की बेटी रीता देवी है. रीता देवी का भी प्रसव आॅपरेशन से ही हुआ है. उसका भी बच्चा कमजोर था, उसे भी आइसीयू में भर्ती रखा गया है. आसपास बेड होने की वजह से ही दोनों परिवारों के बीच दोस्ती हो गयी. अलरिया देवी ने बताया कि शनिवार की शाम वह और पिंकी की मां चंचला देवी एक साथ आइसीयू में गये थे. दोनों ने एक दूसरे के बच्चों को देखा. अलरिया देवी के मुताबिक रविवार की सुबह जब वह अपने बच्चे को देखने आइसीयू में गयी तो उसने देखा कि पिंकी की बच्ची वहां नहीं है. अलरिया ने वापस आ कर बच्चे के नहीं होने की जानकारी पिंकी और उसके परिवार को दी. इसके बाद परिवार के लोग भागते हुए आइसीयू गये और अस्पताल प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी.
कर्मचारियों पर लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप
पिंकी के परिवार ने आइसीयू के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि बच्चे के गायब होने जाने की सूचना पर जब वह लोग आइसीयू में पहुंचे तो वहां की महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चे के परिजनों पर ही बच्चा गायब करने का आरोप लगा दिया. बच्चे की मां पिंकी देवी ने कहा कि आइसीयू कर्मियों ने यह तक कह दिया कि लगातार दूसरी बार बेटी होने की वजह से तुम लोगों ने बच्ची को बेच दिया. यह सब सुनने के बाद पिंकी के परिवार वाले नाराज हो गये और शिकायत लेकर अधीक्षक के पास गये. इधर आइसीयू कर्मियों ने इन सभी बातों को निराधार बताया है.
64 कैमरे के फुटेज में चोर की तलाश
अस्पताल में कुल 64 कैमरे लगे हैं. अस्पताल प्रशासन इन सभी की जांच कर रहा है. पदाधिकारियों के मुताबिक आइसीयू में लगे कैमरे के एक-एक सेकेंड का फुटेज देखा जा रहा है. यहां से कोई सूत्र मिलते ही गैलरी व कैंपस के मेन गेट पर लगे कैमरे के फुटेज की जांच होगी. हालांकि बच्चे के गायब होने के बाद आइसीयू की व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा हो गया. बिना कर्मचारी और सिक्यूरिटी की जानकारी के बच्चा वार्ड से बाहर कैसे आया. यह एक बड़ा सवाल है. कर्मचारियों का कहना है कि बच्चे का परिवार अगर उसे दूध पिलाने बाहर ले भी जाता है तो उसे नोट किया जाता है. सवाल है कि कोई भी व्यक्ति जब बच्चे को लेकर निकला तो क्या उसे नोट किया गया. ऐसे कई सवाल हैं जो अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है. फिलहाल अभी प्रशासन का सारा ध्यान बच्चे को गायब करने वाले की खोज करने में है.
क्या कहते हैं अस्पताल अधीक्षक
मगध मेडिकल काॅलेज में बच्चे के गायब हो जाने का यह पहला मामला है. यह परेशान करने वाला है. हम सीसीटीवी फुटेज की जांच करा रहे हैं. सुबह 7:55 बजे उसकी नानी आइसीयू में जाते हुए दिखी है, यानी इससे स्पष्ट है कि उस वक्त तक बच्ची आइसीयू में थी. आठ बजे जब ड्यूटी चेंज हुआ उस वक्त तक भी बच्ची थी. इस बीच उसकी नानी भी दो तीन बार आ चुकी है. घटना इसके बाद ही हुई होगी. फुटेज की जांच जारी है. पूरी जांच के बाद ही चीजें स्पष्ट हो सकेगी. (डाॅ सुधीर कुमार सिन्हा, अधीक्षक, मगध मेडिकल काॅलेज व अस्पताल)
कोई लिखित शिकायत नहीं की गयी : थानाध्यक्ष
परिवार ने अभी तक संपर्क नहीं किया है.कोई लिखित शिकायत भी नहीं की गयी है. लिखित शिकायत मिलने के बाद एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू होगी. (लाल बिहारी पासवान, थानाध्यक्ष, मेडिकल थाना)
ये भी पढ़ें… प्रोपर्टी डीलरमर्डर केस : प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने करवाई हत्या, पढ़ें… पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










