पत्नी और सास के बुलाने पर ससुराल गया था नीतीश, डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम परिसर में मौजूद मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

26 वर्षीय नीतीश कुमार की ससुराल से लौटने के बाद इलाज के दौरान डीएमसीएच में मौत हो गई. परिजनों ने पत्नी और सास पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत के रहस्य से पर्दा उठाएगी.

विज्ञापन

युवक की मौत: हायाघाट थाना क्षेत्र के चकवा बासडीह निवासी 26 वर्षीय नीतीश कुमार की सोमवार सुबह डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही बेंता थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर नीतीश की हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की है.

पत्नी और सास के बुलाने पर गया था ससुराल

परिजनों के अनुसार नीतीश कुमार 27 जुलाई को अपनी पत्नी और सास के बुलाने पर ससुराल गया था. वहां पहुंचने के कुछ देर बाद ही परिजनों को सूचना दी गयी कि नीतीश ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है और उसकी तबीयत बिगड़ गयी है. इसके बाद परिवार के लोग उसे इलाज के लिए डीएमसीएच लेकर पहुंचे.

इलाज के बाद लौटा घर

डीएमसीएच में उपचार के बाद 31 जुलाई को नीतीश को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी. इसके बाद वह घर लौट आया. परिजनों का कहना है कि घर आने के बाद उसकी तबीयत दोबारा खराब होने लगी. स्थिति बिगड़ने पर उसे फिर डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

पत्नी से विवाद को लेकर परिजनों ने जताया संदेह

मृतक के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नीतीश और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी अक्सर मायके में रहती थी. इसी बीच पत्नी और सास के बुलाने पर नीतीश ससुराल गया था, जहां जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आयी. परिवार ने इसी आधार पर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बेंता थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. पुलिस के अनुसार अभी मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नीतीश की मौत किन परिस्थितियों में हुई. रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढे़ं: दरभंगा में बड़ा हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी की मौत


विज्ञापन
Kumar Raushan

लेखक के बारे में

By Kumar Raushan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन