दरभंगा में बड़ा हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी की मौत
ट्रेन की चपेट में आने से 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी की मौत
दरभंगा में एक दुखद हादसा हुआ जहां 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी विनोदानंद मिश्रा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की मौत से इलाके में मातम पसर गया है. स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
Darbhanga News: लहेरियासराय चट्टी चौक स्थित 21 नंबर गुमटी के पास सोमवार की अहले सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 72 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंककर्मी विनोदानंद मिश्रा की मौत हो गयी. मृतक बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बाबू साहेब कॉलोनी के रहने वाले थे और स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त हुए थे. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे
स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोदानंद मिश्रा प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान 21 नंबर गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पार करने अथवा ट्रैक के किनारे रहने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गये. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की. हादसे की खबर मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. बुजुर्ग की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई शुरू की.
एक माह में तीसरी मौत का दावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि 21 नंबर गुमटी के आसपास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान लगातार हादसे हो रहे हैं. लोगों के मुताबिक, अगस्त महीने में इसी स्थान पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत की यह तीसरी घटना है. इसके बावजूद यहां लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं दिख रहे हैं.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से 21 नंबर गुमटी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास अवरोधक लगाने और लोगों को ट्रैक पार करने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाये जाने चाहिए.
ग्रामीणों के अनुसार, आवागमन के दौरान कई लोग जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करते हैं. ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा कुशेश्वर की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 300 स्वयंसेवक तैनात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










