सिमरिया घाट से जल लेकर निकले कांवरिये, सोमवार को शिवालयों में होगा जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

केएम स्थित शिवालय

सावन की दूसरी सोमवारी पर दरभंगा में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है. कांवरियों के जत्थे सिमरिया समेत अन्य पवित्र घाटों से जल लेकर रवाना हो गए हैं. शहर के प्रमुख शिवालयों को फूलों और रोशनी से सजाया जा रहा है.

विज्ञापन

Darbhanga News: सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर दरभंगा में शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है. भगवान शिव को जलार्पण करने के लिए रविवार को ही सिमरिया समेत अन्य पवित्र घाटों से जल लेकर कांवरियों के जत्थे रवाना हो गए. कोई बाइक से तो कोई चारपहिया वाहन से निकला. कई वाहनों को बड़े साउंड बॉक्स से सजाया गया था, जिनसे बज रहे भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा.

आपके शहर में

विज्ञापन

सिमरिया से जल लेकर रवाना हुए कांवरिये

सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए कांवरियों का जत्था रविवार दोपहर बाद से ही रवाना होने लगा. गेरुआ वस्त्रों में सजे कांवरियों के जत्थे में युवाओं के साथ अन्य श्रद्धालु भी शामिल रहे. सोमवार सुबह विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव को पवित्र जल अर्पित किया जाएगा.

फूलों और रोशनी से सज रहे शिवालय

दूसरी सोमवारी को लेकर शहर के शिवालयों में विशेष सजावट की जा रही है. मंदिरों को कच्चे फूलों से सजाने के साथ बिजली की रंगीन लड़ियां भी लगाई जा रही हैं. रात होते ही रोशनी से सजे शिवालयों की भव्यता और बढ़ती नजर आ रही है.

प्रमुख शिवालयों में लगेगी भक्तों की कतार

शहर के हजारीनाथ, पंचानाथ, माधवेश्वर, गरीबनाथ, बटेश्वरनाथ, प्रज्ञेश्वरनाथ तथा केएम स्थित धर्मेश्वरनाथ समेत तमाम शिवालयों में सोमवार सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगने की संभावना है. भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई है.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा वातावरण

रविवार को कांवरियों के जत्थों के रवाना होने के साथ ही शहर और आसपास के इलाकों में भक्ति का माहौल बनने लगा. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच महेशवाणी, नचारी सहित पारंपरिक शिव गीतों की गूंज सुनाई देती रही. हिंदी और भोजपुरी भक्ति गीतों से भी वातावरण भक्तिमय बना रहा.

कुंवारी कन्याएं भी रखती हैं सोमवारी का व्रत

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन की सोमवारी पर कुंवारी कन्याएं मनचाहे जीवनसाथी की कामना के साथ व्रत रखती हैं. वहीं अन्य श्रद्धालु अपने परिजनों के सुख, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करते हुए व्रत रखकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं.

यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन