दरभंगा: लव मैरिज के दो साल बाद विवाहिता की मौत, ससुराल वाले घर छोड़कर फरार
Published by : Aniket Kumar Updated At : 12 Jun 2026 8:50 AM
शव का प्रतीकात्मक फोटो
Darbhanga News: दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय विवाहिता साक्षी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या, आत्महत्या या अन्य कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा. पढे़ं पूरी खबर…
दरभंगा के कमतौल से शिवेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. ब्रह्मपुर पश्चिमी गांव में गुरुवार देर शाम एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
दो साल पहले किया था प्रेम विवाह
मृतका की पहचान ब्रह्मपुर पश्चिमी गांव निवासी निलेश ठाकुर की पुत्री साक्षी कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, साक्षी ने करीब दो वर्ष पहले गांव के ही शिशिर भारद्वाज से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी. गुरुवार की शाम अचानक गोली लगने की घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया. पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी है.
ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के घर छोड़कर चले जाने की बात सामने आ रही है. इससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
सदर टू एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि पुलिस हत्या, आत्महत्या और दुर्घटनावश गोली लगने समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










