बिहार बोर्ड छात्रों के लिए जरूरी खबर, स्क्रूटनी के बाद बदली मार्कशीट 21 अगस्त से मिलेगी

Updated:
विज्ञापन

मार्कशीट लेते हुए छात्रओं की सांकेतिक तस्वीर

बिहार बोर्ड ने स्क्रूटनी के बाद अंकों में बदलाव वाले छात्रों के संशोधित अंक पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 21 अगस्त से स्कूलों को अंक पत्र मिलेंगे. फोटो में गलती होने पर इसे पांच सितंबर तक समिति कार्यालय में जमा करना होगा.

विज्ञापन

छात्रों के लिए खबर: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक विशेष, माध्यमिक कंपार्टमेंटल और वार्षिक माध्यमिक परीक्षा की स्क्रूटनी के बाद जिन छात्र-छात्राओं के अंकों में बदलाव हुआ है, उनके संशोधित अंक पत्र, औपबंधिक प्रमाण पत्र और क्रॉस लिस्ट विद्यालयों को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. समिति के अनुसार संशोधित अंक पत्र 21 अगस्त से संबंधित विद्यालयों को वितरित किए जाएंगे. इसके बाद विद्यालय प्रधान आवश्यक मिलान कर संबंधित परीक्षार्थियों को अंक पत्र और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएंगे.

सुरक्षित अभिलेख से मिलान के बाद ही होगा वितरण

समिति ने विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त अंक पत्र और अन्य अभिलेखों का विद्यालय में सुरक्षित रिकॉर्ड से मिलान करने के बाद ही छात्रों को वितरित करें. किसी पैकेट में दूसरे विद्यालय के छात्र का अंक पत्र मिलने पर उसे अग्रसारण पत्र के साथ तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में वापस करना होगा.

विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि संशोधित अंक पत्र और औपबंधिक प्रमाण पत्र संबंधित छात्र-छात्राओं को अविलंब उपलब्ध कराएं. वहीं क्रॉस लिस्ट और सारणीयन पंजी को विद्यालय में सुरक्षित रखना होगा.

गलत फोटो वाले अंक पत्र का नहीं होगा वितरण

अंक पत्र में फोटो से जुड़ी त्रुटि मिलने पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. यदि किसी परीक्षार्थी के अंक पत्र पर किसी दूसरे व्यक्ति की फोटो लगी हो, फोटो गायब हो या फोटो स्पष्ट नहीं हो, तो ऐसे अंक पत्र का वितरण नहीं किया जाएगा.

ऐसे अंक पत्रों को संबंधित विद्यालय को आवश्यक साक्ष्य के साथ समिति कार्यालय में पांच सितंबर तक जमा कराना होगा. इसके बाद समिति स्तर से फोटो में सुधार की कार्रवाई की जाएगी.

समय सीमा चूकी तो स्कूल प्रधान होंगे जिम्मेदार

समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिपूर्ण अंक पत्र जमा नहीं कराने पर बाद में प्राप्त किसी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा. ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान की होगी.

विशेष दूत से स्कूलों तक पहुंचेंगे दस्तावेज

जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि समिति के विशेष दूत के माध्यम से भेजे गए अंक पत्र, प्रमाण पत्र और क्रॉस लिस्ट के पैकेट संबंधित विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें. इससे संशोधित अभिलेखों का वितरण समय पर किया जा सकेगा.

यह भी पढे़ं:

दरभंगा में पेयजल संकट पर DM सख्त, शिकायत मिलते ही टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश


विज्ञापन
राज कुमार रंजन

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन