बिजली पोल के बॉक्स से निकली चिंगारी ने मचायी तबाही, दो मवेशी घर जले, पाड़ी की मौत

Updated:
विज्ञापन

अब लगी की घटना के बाद क्षति देखने जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network

श्यामपुर गांव में देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते दो फूस के मवेशी घरों को राख में बदल दिया. हादसे में एक पाड़ी की मौत हो गयी, जबकि दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गयीं.

विज्ञापन

दरभंगा फायर एक्सीडेंट: अलीनगर अंचल क्षेत्र के श्यामपुर गांव में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दो फूस के मवेशी घर पूरी तरह जलकर राख हो गये. आग की चपेट में आने से एक मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा. हादसे में एक पाड़ी की झुलसकर मौत हो गयी, जबकि दो भैंस गंभीर रूप से झुलस गयीं. बाइक, फर्नीचर, साइकिल, लैपटॉप और मवेशियों का चारा समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सो रहे थे लोग, अचानक मची अफरातफरी

अब लगी की घटना के बाद क्षति देखने जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
अब लगी की घटना के बाद क्षति देखने जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 11 बजे लोग घरों में सो रहे थे. इसी दौरान आग लगने की आवाज सुनकर लोग जागे. देखते ही देखते आग ने फूस के दोनों मवेशी घरों को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों ने आग बुझाने और मवेशियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण काफी सामान जल गया.

एक पाड़ी की झुलसकर मौत, दो भैंस घायल

अगलगी में जगदेव यादव का मवेशी घर पूरी तरह जल गया. इसमें उनकी एक पाड़ी की झुलसकर मौत हो गयी, जबकि दो भैंस बुरी तरह झुलस गयीं. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों घायल भैंसों को बाहर निकाला. मवेशियों का चारा, फर्नीचर और साइकिल भी आग की भेंट चढ़ गये.

बाइक और घरेलू सामान भी जले

हरदेव यादव के घर में उनके पुत्र भरोसी कुमार यादव की मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गयी. फर्नीचर और साइकिल को भी नुकसान पहुंचा. वहीं विनोद यादव के मकान को आंशिक क्षति हुई. मकान में रखा लैपटॉप समेत कुछ अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया.

डायल 112 और दमकल की टीम पहुंची

घटना की सूचना डायल 112 को दी गयी. सूचना मिलते ही 112 की टीम और अग्निशमन विभाग के बड़े-छोटे वाहन मौके पर पहुंचे. दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मलबे में सुलग रही आग पर काबू पाया. इससे आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका.

चिंगारी से आग लगने की आशंका

ग्रामीणों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है. बताया गया कि घर के पास एलटी लाइन के बिजली पोल पर लगे बॉक्स से चिंगारी निकल रही थी. इसी से आग लगने की बात सामने आ रही है. हालांकि आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.

यह भी पढ़ें:

दरभंगा में पेयजल संकट पर DM सख्त, शिकायत मिलते ही टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश


विज्ञापन
M.D. Aizuddin Sarim

लेखक के बारे में

By M.D. Aizuddin Sarim

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन