जिला पार्षद की मौत पर कुरमुरी में शोक
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :18 Apr 2017 5:36 AM (IST)
विज्ञापन

दुखद. बक्सर के नुआंव गांव के पास स्काॅर्पियो का चक्का फटने से हुआ हादसा बक्सर से स्काॅर्पियो से लौट रहे थे जिला पार्षद आरा/तरारी/पीरो : भोजपुर जिले के तरारी मध्य से चुने गये जिप सदस्य अमृतेश पांडेय उर्फ साधु जी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना उस वक्त घटी जब अपने स्काॅर्पियो गाड़ी […]
विज्ञापन
दुखद. बक्सर के नुआंव गांव के पास स्काॅर्पियो का चक्का फटने से हुआ हादसा
बक्सर से स्काॅर्पियो से लौट रहे थे जिला पार्षद
आरा/तरारी/पीरो : भोजपुर जिले के तरारी मध्य से चुने गये जिप सदस्य अमृतेश पांडेय उर्फ साधु जी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना उस वक्त घटी जब अपने स्काॅर्पियो गाड़ी से ये लोग बक्सर से लौट रहे थे. बक्सर के कृष्णा ब्रह्म थानांतर्गत नुआंव गांव के पास स्काॅर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गयी, जिसमें पांच लोग सवार थे. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जिप सदस्य को मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उस वक्त घटी जब जिप सदस्य अमृतेश पांडेय उर्फ साधु जी अपने साथियों के साथ डुमराव से आरा की तरफ लौट रहे थे. तभी स्काॅर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गयी. इस घटना के बाद घटना की जानकारी जिप सदस्य के गांव सिकरहट्टा थाने के कुरमुरी गांव में जानकारी हुई. इसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया.
पूरे गांव में इस घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गयी. लोग फोन से पूरे घटना की जानकारी लेने में जुट गये. तरारी मध्य से जिप सदस्य अमृतेश कुमार सिंह उर्फ साधु जी की मौत पर शोक की लहर दौड़ पड़ी. शोक- संवेदना व्यक्त करनेवालों में पूर्व विधायक सुनील पांडेय, मुखिया मनोज सिंह, विजय राय, राजेंद्र राय, संजय राय, अनिल मौआर, शिवशंकर सिंह, ऋषिमुनि सिंह, उर्मिला देवी, नीलम देवी आदि प्रमुख है.
सादगी विचार और समाजसेवी थे साधु जी : हर समय साधु जैसी वेशभूषा में रहने वाले अमृतेश कुमार सिंह उर्फ साधु जी वैसे तो अपने परिवार के साथ रहकर जीवन व्यतीत करते थे पर कार्य व व्यवहार में किसी वास्तविक साधु संत से किसी भी मायने में अलग नहीं थे. एक साधु संत की तरह उनका जीवन जन कल्याण के लिए समर्पित था. बिल्कुल साधुओं जैसी वेशभूषा में माथे पर रामनामी चंदन का टीका, कंधे पर धारीदार गमछा और पैरों में खड़ाऊ से उन्हें लोग साधु ही समझते और आदर देते थे.
इधर अमृतेश भी भरसक लोगों में बनी अपनी साधु वाली छवि पर पूरी तरह खरा उतरते थे. उन्होंने जनसेवा का संकल्प लेकर विवाद नहीं करने का निश्चय किया था. शुरू में वे सामान्य समाजसेवी की तरह लोगों के सुख- दुख में हाथ बंटाते रहे पर स्थानीय लोगों के विशेष आग्रह पर उन्होंने वर्ष 2016 में भोजपुर जिला पर्षद के सदस्य पद के लिए तरारी मध्य से चुनाव लड़ा और तत्कालीन जिप उपाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार को पछाड़ कर जीत हासिल की.
जिला पर्षद का सदस्य बन जाने के बाद उनसे स्थानीय जनता की अपेक्षाएं और बढ़ गयी, जिसका सम्मान करते हुए अमृतेश ने अपना पूरा समय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए देना शुरू कर दिया था. वे पंचायत प्रतिनिधि होने के नाते न केवल जनता की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया करते थे बल्कि जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक चैन से नहीं बैठते थे. वैसे उन्होंने खुद के जीविकोपार्जन के लिए पीरो शहर में दो होटल खोल रखा था पर ये होटल भी भूखे व गरीब लोगों के लिए समर्पित थे.
इन होटलों में आनेवाले हर किसी की आत्मीयता के साथ खिदमत होती थी. अपने सादगी भरे जीवन व सरल स्वभाव की वजह से अमृतेश हरदिल अजीज बन गये थे. क्षेत्र लोग उन्हें किसी मसीहा से कम नहीं समझते थे पर सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में अमृतेश की मौत से लोगों का मसीहा उनसे छीन गया.
जिप सदस्य की मौत से पसरा सन्नाटा
जिप सदस्य अमृतेश साधु की मौत से कुरमुरी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. मौत की खबर सुनकर पंचायत प्रतिनिधि पहुंचना शुरू हो गये. पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि हमने जनप्रिय नेता को खो दिया. मां नंदकुमारी देवी बेटे के मौत की खबर सुनते ही दहाड़ मारकर रोने लगी. मां को अमृतेश साधु के हाथ पीले करने के मनसूबे पर पानी फिर गया. पिता योगेंद्र सिंह को काठ-सा मार गया. भाई राकेश का बुरा हाल था. सपने में बहन माया देवी ने नहीं सोचा था कि भाई के मौत का सामना करना पड़ेगा. उल्लेखनीय है कि योगेन्द्र सिंह के दो पुत्रों में अमृतेश कुमार साधु ने पीरो बस पड़ाव में मिठाई की दुकान खोली थी.
चुनाव जीतने के बाद मिठाई की दुकान बंद कर आरा – सासाराम रोड में लाइन होटल खोल ली और आराम की जिंदगी बसर कर रहे थे. इस बीच किसी काम से अमृतेश साधु बक्सर गये थे और वापस लौटने के दौरान स्काॅर्पियो का चक्का ब्लास्ट होने से गाड़ी पलट गयी, जिससे उनकी मौत हो गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










