बिहार के भोजपुर में दिनदहाड़े हत्या, पूर्व मुखिया के बेटे को गोलियों से भूना, इलाके में सनसनी
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 04 Apr 2026 8:59 PM
अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़
Bihar Crime News: भोजपुर में दिनदहाड़े पूर्व मुखिया के बेटे रितेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है. घटना से नाराज लोगों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक पूर्व मुखिया के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
नहर किनारे घात लगाकर किया हमला
घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव के पास की है. मृतक की पहचान 45 वर्षीय रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी श्वेता सिंह, जो बनकट प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं, उन्हें स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे.
इसी दौरान नहर किनारे पहले से घात लगाए करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश, जो तीन मोटरसाइकिल पर सवार थे, अचानक सामने आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
5 गोलियां मारकर की हत्या
हमलावरों ने रितेश सिंह पर करीब 5 गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी आराम से फरार हो गए. इस घटना ने इलाके में खौफ का माहौल बना दिया है.
पहले से मिल रही थी धमकी
मृतक के भाई बब्लू सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में प्रशासन को पहले ही सूचना दी गई थी, लेकिन सुरक्षा नहीं मिलने के कारण यह घटना हो गई.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आरा सदर SDPO राजकुमार शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
FSL टीम जुटा रही साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
इलाके में तनाव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
Also Read: कटिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, थाने पर बवाल, भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










