गन्ने के खेत से वृद्ध का शव बरामद, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
Published by : RANJEET THAKUR Updated At : 02 Jan 2026 9:09 PM
क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरैना सरेह स्थित एक गन्ने के खेत से एक वृद्ध का शव बरामद किया गया.
मझौलिया . क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरैना सरेह स्थित एक गन्ने के खेत से एक वृद्ध का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान बखरिया पंचायत वार्ड नंबर 6 निवासी 65 वर्षीय सोहन दास के रूप में हुई है, जो बीते दो दिनों से लापता थे. शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त हो गया. बताया जाता है कि सोहन दास खेती-बाड़ी कर जीवन-यापन करते थे. उनके परिवार में पांच पुत्र और एक पुत्री हैं, जबकि उनकी पत्नी का देहांत पहले ही हो चुका है. दो दिनों से उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे. इसी दौरान सोमवार को उनका शव गन्ने के खेत में मिलने से परिजन स्तब्ध रह गए. सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. थाना अध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि शव को बरामद कर लिया गया है और मामले की विधिवत जांच की जा रही है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. इधर परिजनों ने सोहन दास की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि सोहन दास का किसी से कोई विवाद नहीं था, फिर भी इस तरह खेत में शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










