मिट्टी लदे ट्रैक्टरों ने बिगाड़ी सड़क की सूरत, रतौली–हरदिया मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे, जिम्मेदार विभाग बना मूकदर्शक
जर्जर सड़क की तस्वीर
Begusarai News : मिट्टी लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही से जर्जर हुआ रतौली-हरदिया मार्ग, ग्रामीणों में आक्रोश. रिफाइनरी जाने वाले कर्मियों की बढ़ी मुश्किलें, नीचे पढ़िए पूरी खबर.
बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : जिले के बिनोदपुर गांव से होकर गुजरने वाला रतौली–हरदिया मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. सड़क की जर्जर स्थिति से स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों,किसानों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण राजेश कुमार,अमित,चंदन महतों, रीता देवी, गुलशन पासवान आदि का आरोप है कि मिट्टी लदे ट्रैक्टरों की लगातार और अनियंत्रित आवाजाही ने सड़क की हालत पूरी तरह खराब कर दी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन अब तक मूकदर्शक बने हुए हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई महीनों से क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों और मिट्टी कटाई के लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों का संचालन किया जा रहा है.
क्षमता से अधिक मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर
अधिकांश ट्रैक्टर क्षमता से अधिक मिट्टी लादकर इस मार्ग से गुजरते हैं. भारी वजन के कारण सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह टूट चुकी है और कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. हल्की बारिश होते ही सड़क की स्थिति और भयावह हो जाती है तथा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है. रतौली–हरदिया मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. इसी सड़क से होकर प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं,किसान,मजदूर और व्यवसायी आवागमन करते हैं. इसके अलावा ये सड़क बायपास के रूप में एनएच 31 रतौली से होकर हरदिया एसएच 55 पर आकर निकलता है.
सड़क की दुर्दशा से एंबुलेंस भी परेशान, ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश
साथ ही रतौली, हरदिया सहित आसपास के लोग रिफाइनरी में वर्क करने इसे रास्ते से आते जाते हैं.सड़क खराब होने के कारण लोगों को घंटों कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जबकि पैदल चलने वालों के लिए भी सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों और धूल-कीचड़ के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं. कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने में परेशानी होती है. वही बिनोदपुर और आसपास के गांवों के लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
सड़क मरम्मत और ओवरलोडिंग पर रोक की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी ढुलाई में लगे ट्रैक्टर चालक नियमों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से सड़क का उपयोग कर रहे हैं,जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और मिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टरों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. विशेष रूप से बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खतरनाक हो जाती है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन,पथ निर्माण विभाग और परिवहन विभाग से मांग की है कि रतौली–हरदिया मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए.
साथ ही ओवरलोड मिट्टी ढुलाई करने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए,ताकि सड़क को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके तथा लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. कहा कि यह सड़क केवल एक मार्ग नहीं,बल्कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी की लाइफलाइन है. ऐसे में इसकी अनदेखी पूरे क्षेत्र के विकास और जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है. अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










