कटोरिया की बसमत्ता पंचायत में पानी के लिए हाहाकार, जलमीनार बंद होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 03 Jun 2026 11:07 AM

विज्ञापन

Banka News : भीषण गर्मी के बीच बांका के डहुआघाट गांव में पेयजल संकट गहरा गया है. मुख्यमंत्री नल-जल योजना से बनी जलमीनार जर्जर होने के कारण महीनों से जलापूर्ति ठप है. पानी के लिए परेशान ग्रामीणों ने अब सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.

विज्ञापन

जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के कटोरिया प्रखंड स्थित बसमत्ता पंचायत के डहुआघाट गांव में भीषण गर्मी के बीच गंभीर पेयजल संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत निर्मित जलमीनार के जर्जर होने से गांव में नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ी है. शुद्ध पेयजल के लिए जूझ रहे ग्रामीणों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष जलमीनार के समीप जुटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है.

पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं ग्रामीण

डहुआघाट गांव में गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल संकट और गहरा गया है. जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर है, उन्होंने निजी चापाकल लगवा लिया है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग आज भी शुद्ध पेयजल के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि प्रचंड धूप और भीषण गर्मी में पानी की तलाश करना उनकी दैनिक मजबूरी बन गई है. इसके बावजूद संबंधित विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है.

करोड़ों की योजना, लेकिन जर्जर हो चुकी व्यवस्था

ग्रामीणों के अनुसार पीएचईडी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत गांव में जलमीनार का निर्माण कराया गया था ताकि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके. लेकिन घटिया निर्माण और नियमित रखरखाव के अभाव में पूरी व्यवस्था धीरे-धीरे खराब हो गई. पाइपलाइन में लीकेज, नलों का टूटना और जलमीनार के ढांचे का जर्जर होना अब बड़ी समस्या बन चुका है. परिणामस्वरूप लंबे समय से गांव में जलापूर्ति बाधित है और लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं.

शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा और अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.

300 आबादी की मांग, जल्द बहाल हो जलापूर्ति

करीब 300 की आबादी वाले डहुआघाट गांव के लोगों ने जलमीनार के समीप प्रदर्शन कर जल्द से जल्द वाटर सप्लाई शुरू कराने की मांग की है. प्रदर्शन में ललिता देवी, पिंकी देवी, रीता देवी, सुमित्रा देवी, पार्वती देवी, कौशल्या देवी, सोनी देवी, मनसा देवी, सुनील यादव, बबलू यादव, पप्पू यादव, प्रदीप यादव और धनराज यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन