सहयोग शिविर में कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन
Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 02 Jun 2026 8:50 PM
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के भूरना पंचायत एवं गोडधावर पंचायत सरकार भवन में विशेष जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया.
बाराहाट. ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के भूरना पंचायत एवं गोडधावर पंचायत सरकार भवन में विशेष जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की विशेषता यह रही कि जिला एवं प्रखंड स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया. शिविर की महत्ता को देखते हुए अपर समाहर्ता (एडीएम) अजीत कुमार एवं मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे. अधिकारियों ने एक-एक कर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों के कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एडीएम अजीत कुमार ने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है. जनसहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. शिविर में केवल आवेदन प्राप्त ही नहीं किए गए, बल्कि उन पर त्वरित कार्रवाई भी की गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों की टीम ने आपसी समन्वय के साथ भूमि संबंधी मामलों, विकास योजनाओं तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों का निष्पादन किया. शिविर में एडीएम अजीत कुमार, मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार, बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता, बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे. जमीन के दाखिल-खारिज, स्थानीय विवादों तथा विकास योजनाओं से संबंधित शिकायतों का मौके पर समाधान होते देख ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता एवं अंचलाधिकारी विकास कुमार ने लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










