पंचायतों तक पहुंचा प्रशासन : सचिव, डीएम व एसपी ने सुनी ग्रामीणों की फरियाद
Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 02 Jun 2026 6:58 PM
अमरपुर प्रखंड की चार पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया.
चार पंचायतों में लगा सहयोग शिविर
अमरपुर. अमरपुर प्रखंड की चार पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. बैजूडीह पंचायत सरकार भवन, रतनपुर मकदुमा पंचायत सरकार भवन, बल्लिकित्ता पंचायत भवन तथा शोभानपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं.शिविर में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन के उच्च पदाधिकारी भी शामिल हुए और आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया. जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बैजूडीह और बल्लिकित्ता पंचायत सरकार भवन पहुंचकर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सहायता काउंटरों का निरीक्षण किया तथा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
सचिव ने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
दोपहर में सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे शोभानपुर पंचायत सरकार भवन पहुंचे. उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. सचिव ने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश अधिकारियों को दिया.
जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही लोगों को प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है. इसी उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े. उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि पुलिस से संबंधित शिकायतें भी सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती हैं, जिनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी.विभिन्न विभागों के लगाए गए थे अलग-अलग काउंटर
बीडीओ प्रतीक राज ने बताया कि शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, मनरेगा, कृषि, आवास एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों ने आवेदन देकर अपनी समस्याएं दर्ज करायीं. इस अवसर पर सीओ रजनी कुमारी, सीडीपीओ सुशीला धान, सीआई राजेश कुमार झा, मनरेगा पीओ राकेश कुमार, एमओ रविंद्र शर्मा, बीईओ राहुल कुमार, बीएओ सना कय्यूम, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, बीपीआरओ प्रणवी, बिजली एसडीओ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










