शंभुगंज सीएचसी को एनक्यूएएस में देशभर में पहला स्थान, स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित कर मनाया गया गौरव दिवस

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज का | Prabhat Khabar Network
शंभुगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में अस्पताल परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
Banka Health Achievement: शंभुगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन में देशभर में प्रथम स्थान मिलने के बाद सोमवार को अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में अस्पताल की इस उपलब्धि में योगदान देने वाले चिकित्सकों, नर्सों, तकनीकी कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गयी.
स्वास्थ्य कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने डॉ. प्रणय घोष, डॉ. शकीर अहमद, डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. अमिता प्रीतम, सीएचओ मोनिका शैलेश, एएनएम मधु कुमारी, जीएनएम खुशबू कुमारी तथा लैब तकनीशियन अख्तर आजमी सहित फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, डाटा एंट्री ऑपरेटर, वार्ड अटेंडेंट, सफाईकर्मी, एंबुलेंस चालक और सुरक्षा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया.
टीमवर्क और समर्पण से मिली राष्ट्रीय पहचान
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि एनक्यूएएस में देशभर में पहला स्थान हासिल करना पूरे अस्पताल परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रतिफल है.
सभी गुणवत्ता मानकों पर किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने कहा कि अस्पताल ने मूल्यांकन के दौरान स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं सहित सभी गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य कर यह सफलता हासिल की है.
मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का आह्वान
Banka Health Achievement: सम्मान समारोह के बाद अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील, सकारात्मक और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि मरीज की आधी बीमारी स्वास्थ्य कर्मियों के अच्छे व्यवहार और विश्वास से ही दूर हो जाती है. अंत में सभी कर्मचारियों ने गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और मरीज केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं लगातार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ठाकुर विनोद कुमार
ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










