पपरवा-गंगटा का बदहाल रास्ता : पहले शिलान्यास हुआ, फिर योजना रद्द हो गयी, अब कीचड़ में फंस गयीं उम्मीदें

सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण.
Banka Paparwa Gangta Road : बौंसी प्रखंड की अंगारू-जवड़ा पंचायत में वर्षों से पपरवा गंगटा गांव जाने वाली सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है. मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माण की उम्मीद राजस्व भूमि विवाद के कारण टूट गई. बारिश में यह कच्ची सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग टूट जाता है.
Banka Paparwa Gangta Road : बौंसी प्रखंड की अंगारू-जवड़ा पंचायत में झरना पोखर से पपरवा गंगटा गांव तक जाने वाली सड़क वर्षों से ग्रामीणों की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है. मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माण की उम्मीद जगी थी, लेकिन राजस्व भूमि विवाद के कारण योजना रद्द हो गई. अब ग्रामीण सरकार और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.
बारिश में गांव का संपर्क लगभग टूट जाता है
बौंसी प्रखंड के झरना पोखर से पपरवा गंगटा गांव तक जाने वाली सड़क आज भी कच्ची और जर्जर है. बारिश शुरू होते ही यह सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग टूट जाता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को झेलनी पड़ती है. कई बार एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और गंभीर मरीजों को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है.
शिलान्यास हुआ, लेकिन सड़क नहीं बन सकी
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2025 में तत्कालीन विधायक डॉ. विक्की हेम्ब्रम के प्रयास से मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस सड़क का शिलान्यास किया गया था. इससे लोगों में उम्मीद जगी थी कि वर्षों पुरानी समस्या समाप्त हो जाएगी. हालांकि राजस्व भूमि से जुड़े तकनीकी विवाद के कारण योजना रद्द हो गई और सड़क निर्माण का सपना अधूरा रह गया.
हजारों ग्रामीणों को मिलता सीधा लाभ
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण हो जाता तो पपरवा गंगटा सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलता. किसानों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होती, विद्यार्थियों का स्कूल और कॉलेज जाना आसान होता तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर बनती. फिलहाल लोगों को जर्जर सड़क पर जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने फिर उठाई निर्माण की मांग
ध्रुव यादव, नंदलाल यादव, सलीप यादव, मुकेश यादव, कुलदीप हरिजन, शिव हरिजन, लड्डू यादव, पुरुषोत्तम यादव, अमरजीत यादव, गौरी यादव, सरवन रजक और अरुण दास समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि बारिश की शुरुआत में ही सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. लगातार वर्षा होने पर गांव का संपर्क पूरी तरह बाधित होने की आशंका है. उन्होंने प्रशासन से राजस्व विवाद का शीघ्र समाधान कर सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है.
पूर्व विधायक ने निर्माण का प्रयास करने का दिया भरोसा
इस मामले में पूर्व विधायक डॉ. निक्की हेम्ब्रम ने कहा कि उनके प्रयास से सड़क निर्माण की प्रक्रिया टेंडर तक पहुंच गई थी. किन कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका, इसकी जानकारी ली जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभाग से बात कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा.
विकास की राह सड़क से होकर गुजरती है
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी आवश्यकता होती है. यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार जैसी आवश्यक सेवाएं लगातार प्रभावित होती रहेंगी. लोगों ने सरकार से इस लंबे समय से लंबित परियोजना को प्राथमिकता देकर जल्द पूरा कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










