चीनी समझकर चाय में डाल दी यूरिया खाद, पीते ही बिगड़ी बांका के 60 वर्षीय वृद्ध की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

अस्पताल में भर्ती वृद्ध | Prabhat Khabar Network
Banka Urea Tea Incident : बांका जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वृद्ध ने गलती से चीनी की जगह यूरिया मिलाकर चाय पी ली. चाय पीने के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने इलाज कर उनकी हालत स्थिर की.
Banka Urea Tea Incident : बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के मुसकोड़वा गांव में सोमवार को एक वृद्ध ने अनजाने में चीनी की जगह यूरिया खाद मिलाकर चाय पी ली. चाय पीने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजनों ने उन्हें तुरंत कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों के उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया.
चाय बनाते समय हुई बड़ी चूक
आनंदपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी बारणे पंचायत स्थित मुसकोड़वा गांव में सोमवार को 60 वर्षीय नंदकिशोर कोल घर में अकेले चाय बना रहे थे. परिजनों के अनुसार, इसी दौरान उन्होंने गलती से चीनी की जगह पास में रखा यूरिया खाद चाय में मिला दिया. अनजाने में तैयार चाय पीने के बाद उन्हें किसी गड़बड़ी का एहसास हुआ.
कुछ ही मिनट में बिगड़ने लगी तबीयत
चाय पीने के कुछ देर बाद नंदकिशोर कोल को घबराहट, बेचैनी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस होने लगी. उनकी हालत बिगड़ती देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
चिकित्सकों ने समय पर किया उपचार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने वृद्ध का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों की निगरानी में इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ. समय पर अस्पताल पहुंचने से किसी बड़ी अनहोनी से बचाव हो सका.
चिकित्सकों ने लोगों को किया सतर्क
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की कि घरों में यूरिया, कीटनाशक और अन्य रासायनिक पदार्थों को खाद्य सामग्री से अलग एवं सुरक्षित स्थान पर रखें. विशेष रूप से ऐसे पदार्थों को चीनी, नमक या अन्य खाने-पीने की वस्तुओं के पास नहीं रखना चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
सावधानी से टल सकती हैं ऐसी घटनाएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि रासायनिक पदार्थों का गलती से सेवन गंभीर स्वास्थ्य समस्या पैदा कर सकता है. इसलिए घरों में खाद, दवाओं और जहरीले पदार्थों को स्पष्ट पहचान वाले डिब्बों में सुरक्षित रखना और बच्चों तथा बुजुर्गों की पहुंच से दूर रखना बेहद जरूरी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










