एक वर्ष में 2731 यूनिट रक्त संग्रहित, अगलगी पीड़ितों की मदद में भी संस्था रही सक्रिय : डीएम

रेडक्रॉस के 106वें स्थापना दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन
रेडक्रॉस के 106वें स्थापना दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन
प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय.सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी का 106वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम अभिलाषा शर्मा एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटकर किया. इस दौरान रेडक्रॉस के संस्थापक हेनरी डयूनेंट के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. स्थापना दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रक्तदान किया. डीएम ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचायी जा सकती है. उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस संस्था हमेशा मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी रही है. जिले में हाल के दिनों में हुई अगलगी की घटनाओं में भी रेडक्रॉस ने पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. डीएम ने कहा कि संस्था में संसाधनों की जो भी कमी है, उसे जल्द दूर किया जायेगा, ताकि रेडक्रॉस और अधिक प्रभावी तरीके से कार्य कर सके.
नियमित रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कई बार रक्तदान कर लोगों की जान बचाने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया. अंबा के दधपा निवासी विवेक कुमार मिश्रा एवं उनकी पत्नी कविता मिश्रा को बिहार में सबसे अधिक बार संयुक्त रूप से रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया. विवेक 42वीं और कविता 31वीं बार रक्तदान कर चुके है. इसके अलावा पठान टोली निवासी शाहनवाज रहमान को 42वीं बार रक्तदान करने पर सम्मानित किया गया. वहीं रक्तदान जनसेवा के अध्यक्ष राहुल राज को लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करने और युवाओं को प्रेरित करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
एक वर्ष में 2731 यूनिट रक्त का संग्रह
रेडक्रॉस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने संस्था की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक जिले में 23 रक्तदान शिविर आयोजित किये गये. इन शिविरों के माध्यम से 961 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. वहीं स्वैच्छिक एवं रिप्लेसमेंट डोनेशन मिलाकर पूरे वर्ष में कुल 2731 यूनिट रक्त का संग्रह और परीक्षण किया गया. उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से दुर्घटना में घायल मरीजों, थैलेसीमिया पीड़ितों एवं अन्य जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है.
युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
स्थापना दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 50 युवाओं ने हिस्सा लिया. रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को रेडक्रॉस की ओर से फूल देकर सम्मानित किया गया. सतीश कुमार सिंह ने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के लिए जीवनदान साबित होता है.
मरीजों के बीच बांटे गये फल
कार्यक्रम के अंत में सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया गया. रेडक्रॉस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. इस दौरान डीपीएम अनवर आलम, डॉ रविरंजन, डॉ आशुतोष कुमार सिंह, डॉ राजीव कुमार, डॉ अभिषेक कुमार, एनटीपीसी के सीएमओ किरण शर्मा,संस्था के सचिव दीपक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मरगूब आलम, मुकेश कुमार गुप्ता, पंकज वर्मा, सोनू कुमार योगी, चंदन कुमार, प्रशांत तिवारी, अमित गुप्ता, विवेक सिंह चौहान, रौशन पाठक, उत्कर्ष कुमार सिंह आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










