कुचाई के जोंबरो में तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता, बीएसटी नावदा, जावबेड़ा और कुटुंबा टोला की टीम बनी विजेता

खिलाड़ियों के साथ विधायक दशरथ गागराई. फोटो: प्रभात खबर
Seraikela News: सरायकेला-खरसावां के कुचाई प्रखंड स्थित जोंबरो स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता में बीएसटी नावदा, जावबेड़ा और कुटुंबा टोला की टीम विजेता बनीं. विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की बात कही. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड स्थित जोंबरो स्कूल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ. प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया. अलग-अलग वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में बीएसटी नावदा, जावबेड़ा और कुटुंबा टोला की टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
विधायक दशरथ गागराई ने किया पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता के समापन समारोह में स्थानीय विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. विधायक ने बीएसटी नावदा, जावबेड़ा और कुटुंबा टोला की विजेता टीमों को क्रमशः 14 हजार, 10 हजार और 8 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की. इस दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने तालियों के साथ विजेता टीमों का उत्साहवर्धन किया. समारोह में पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने विधायक का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
कुचाई में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं: दशरथ गागराई
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि कुचाई क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ इन प्रतिभाओं को सही मंच और बेहतर अवसर देने की है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जो उचित संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. गागराई ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार की नई खेल नीति खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य निर्माण में सहायक साबित होगी.
हॉकी और फुटबॉल मैदान निर्माण पर जोर
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों की जरूरत और मांग के अनुसार हॉकी और फुटबॉल मैदान विकसित किए जा रहे हैं. इससे गांवों के युवा खेल के प्रति अधिक आकर्षित होंगे और उन्हें अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी खिलाड़ी रह चुके हैं, इसलिए खिलाड़ियों की भावनाओं और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं. उन्होंने हॉकी खेल को और अधिक प्रोत्साहित करने की बात कही. विधायक ने खिलाड़ियों से अनुशासन और मेहनत के साथ खेल जारी रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशा और गलत गतिविधियों से दूर रखता है तथा बेहतर भविष्य की दिशा देता है.
इसे भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को 25 साल की सजा, अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला
प्रतियोगिता में जुटे खिलाड़ी और ग्रामीण
तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता के दौरान जोंबरो स्कूल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. मैचों के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में मुखिया सतरी सांगा, भोंज सांगा, अजय सामड, ग्राम प्रधान प्रधान मुंडा, कल्याण पुरती, हनुक कांडिर, रौटे बोदरा, लौरिन कांडिर, मार्शल कांडिर, मार्शल हांसदा, मिखायल पुरती, टपरा पुरी, बालिया हेंब्रण, बाचो हेड़ै, सामुए भेंगरा, कुंआय सोय और पौलुश टुटी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने इस तरह की प्रतियोगिताओं को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा, पांच की मौत, 20 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










