उत्पाद विभाग की छापेमारी, भारी मात्रा में शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
गिरफ्तार संचालक और छापामारी करती टीम.
सरायकेला के गम्हरिया और आदित्यपुर में उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
सरायकेला | जिले में अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की. विभाग ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा व आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों का खुलासा किया. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ, देसी महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गयी. मौके से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक स्कूटी भी जब्त की गयी है.
डीसी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने बताया - क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर उसकी बिक्री किये जाने की सूचना मिली थी. इसपर डीसी के निर्देश पर टीम का गठन करते हुए दोनों स्थानों पर छापेमारी की. टीम के पहुंचते ही अवैध शराब तैयार करने और उससे जुड़े कारोबार में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. अधिकारियों और जवानों ने शराब निर्माण के ठिकानों की तलाशी ली. इस दौरान जमीन में गाड़कर तथा अलग-अलग स्थानों पर रखे गये जावा महुआ समेत तैयार देसी महुआ शराब बरामद की गयी.अवैध शराब तैयार करने के लिए बड़े पैमाने पर जावा महुआ का इस्तेमाल किया जा रहा था. शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री को बरामद कर लिया गया.कारोबार में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया.
तीन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. विभाग द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. विभाग की ओर से अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटायी जा रही है. बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप कुमार मिश्रा
प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










