आरा : होमगार्ड जवान को कुचलने वाला कंटेनर चालक गिरफ्तार, 11 अप्रैल की घटना में हुई थी मौत

आरा-छपरा फोरलेन पर होमगार्ड जवान रुपेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जाम हटाने के दौरान कंटेनर से कुचलकर मारे गए जवान के आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
आरा-छपरा फोरलेन पर जाम हटाने के दौरान होमगार्ड के सिपाही रुपेश कुमार को कंटेनर से कुचलकर मार डालने के आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपी चालक बक्सर जिले के बासुदेव (नावानगर) थाना क्षेत्र के आयर गांव निवासी जीतेंद्र सिंह का पुत्र मनीष कुमार है. पुलिस ने उसे गुरुवार की रात छापेमारी कर गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ के आधार पर उसे जेल भेज दिया गया है.
पुलिस अधीक्षक राज की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की गई.
12 दिनों तक इलाज के बाद तोड़ा था दम
मृतक होमगार्ड सिपाही 34 वर्षीय रुपेश कुमार कोईलवर थाना क्षेत्र के सुरौंधा कॉलोनी (वार्ड संख्या 12) निवासी स्वर्गीय राज कुमार गोस्वामी के पुत्र थे और वे कोईलवर थाने में ही पदस्थापित थे.
घटना के संबंध में बताया गया कि रुपेश कुमार कोईलवर थाना क्षेत्र के मनभावन चेक पोस्ट पर तैनात थे. 11 अप्रैल की अहले सुबह वे अपने एक साथी जवान के साथ आरा-छपरा फोरलेन पर लगे भीषण जाम को हटाने में जुटे थे. उसी दौरान झलकू नगर के पास तेज गति से आ रहे एक कंटेनर चालक ने उन्हें जानबूझकर रौंद दिया था.
गंभीर रूप से जख्मी होमगार्ड रुपेश कुमार ने पटना में इलाज के दौरान 12 दिन बाद दम तोड़ दिया था. इस संबंध में रुपेश कुमार द्वारा दिए गए फर्द बयान के आधार पर कंटेनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
गलत दिशा से आ रहे कंटेनर ने मारी थी टक्कर
होमगार्ड रुपेश कुमार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, वे 10 अप्रैल की रात मनभावन चेक पोस्ट पर यातायात एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी पर तैनात थे. 11 अप्रैल की सुबह बालू लदे ट्रकों के कारण फोरलेन पर जाम लग गया था, जिसे हटाने के लिए वे साथी जवान निखिल कुमार के साथ बाइक से निकले थे.
झलकू नगर के पास जाम हटाने के दौरान उन्हें सहकर्मी जवान राजा राम ने फोन कर सूचना दी कि गलत दिशा से आ रहा एक कंटेनर पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए भागा है.
इसके कुछ ही देर बाद, जब रुपेश कुमार ने सामने से गलत दिशा में आ रहे उस कंटेनर को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने उन्हें जानबूझकर रौंद दिया और भाग निकला. हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी.
Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










