मनेर में घर के कमरे से 3 किलो गांजा और 8 लीटर देसी शराब बरामद, महिला गिरफ्तार

मनेर के माधोपुर पंचायत स्थित टाटा कॉलोनी गांव में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एक घर से 3 किलो गांजा और 8 लीटर देसी शराब जब्त की गई है, जो जमीन के नीचे छुपाकर रखी गई थी. इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है.
Patna News: मनेर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत स्थित टाटा कॉलोनी गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 3 किलो गांजा और 8 लीटर देसी शराब बरामद की है. मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. बरामद मादक पदार्थ और शराब घर के कमरे में जमीन के नीचे छुपाकर रखे गए थे.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार टाटा कॉलोनी गांव में लंबे समय से गांजा और शराब की बिक्री होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी. वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर मनेर थाना की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी टीम में एसआई अफसर अली, एएसआई राम सुरेश प्रसाद सिंह, अभय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
जमीन के नीचे छुपाकर रखा गया था गांजा और शराब
पुलिस ने टाटा कॉलोनी स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान कमरे की जमीन के नीचे छुपाकर रखे गए करीब 3 किलो गांजा और 8 लीटर देसी शराब को बरामद किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर से गांजा और शराब बेचने के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार कर लिया. बरामद सामान को जब्त कर महिला को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है.
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि टाटा कॉलोनी गांव में गांजा और शराब की बिक्री की शिकायत लगातार मिल रही थी. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि अवैध कारोबार कहां से संचालित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की और एक महिला को 3 किलो गांजा एवं 8 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है.
पूछताछ में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा और शराब की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










