पटना छात्र आंदोलन मामले में पालीगंज मुखिया संघ अध्यक्ष आनंद कुमार गिरफ्तार, भाकपा माले ने जताया विरोध

Updated:
विज्ञापन
आनंद मुखिया का फाइल फोटो

आनंद मुखिया का फाइल फोटो

पटना में छात्र आंदोलन से जुड़े एक मामले में कल्याणपुर-पैपुरा पंचायत के मुखिया आनंद कुमार की गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है. भाकपा माले ने इस गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है.

विज्ञापन

Patna student protest: पटना में हाल के छात्र आंदोलन से जुड़े मामले में शुक्रवार को पालीगंज के मुखिया संघ अध्यक्ष सह कल्याणपुर-पैपुरा पंचायत के मुखिया और भाकपा माले नेता आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पालीगंज में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया.

गिरफ्तारी पर भाकपा माले का विरोध

भाकपा माले के जिला सचिव कमलेश कुमार ने आनंद कुमार की गिरफ्तारी को तानाशाही और अलोकतांत्रिक कार्रवाई बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि आनंद कुमार छात्र आंदोलन में शामिल नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि परिजनों और पार्टी नेताओं को यह जानकारी नहीं दी गई कि किस पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया और उन्हें कहां रखा गया है.

बिना शर्त रिहाई की मांग

कमलेश कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप करते हुए आनंद कुमार को बिना शर्त रिहा करने की मांग की. उन्होंने पालीगंज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी इस कार्रवाई के विरोध में आगे आने की अपील की. भाकपा माले ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और आंदोलन से जुड़े लोगों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.

माले नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

भाकपा माले नेताओं ने राज्य सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन और जन मुद्दों को उठाने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. साथ ही माले विधायक संदीप सौरभ और विधान परिषद सदस्य शशि यादव के खिलाफ दर्ज मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की गई.

क्या कहती है पुलिस

इस संबंध में पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आनंद कुमार की गिरफ्तारी गांधी मैदान थाना और तकनीकी टीम द्वारा की गई है. स्थानीय थाना की ओर से गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई है. फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और भाकपा माले ने गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.


विज्ञापन
Sikandar Kumar Paliganj

लेखक के बारे में

By Sikandar Kumar Paliganj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन