नीट पेपर लीक मामले को लेकर बिहिया में छात्रों का प्रदर्शन, एनटीए भंग करने समेत कई मांगें उठाईं

नीट परीक्षा में पेपर लीक और दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहिया में छात्रों ने प्रदर्शन किया. उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की.
नीट (NEET) परीक्षा में पेपर लीक और दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को बिहिया में विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों, छात्रों और युवाओं ने एकजुट होकर जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला.
नगर स्थित ऐतिहासिक महथिन मंदिर प्रांगण से शुरू हुआ यह मार्च कटेया रोड होते हुए प्रमुख राजा बाजार चौक तक पहुंचा, जहां आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध जताया. इस दौरान छात्र अपने हाथों में मांगों से जुड़ी विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे.
परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों और छात्रों का कहना था कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही पेपर लीक की घटनाओं से देश के लाखों मेधावी अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है. उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस व प्रभावी कदम उठाने की नितांत आवश्यकता बताई.
NTA को भंग करने व केस वापस लेने की उठाई मांग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:
- प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर पूरी तरह सख्त रोक लगाई जाए.
- नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें.
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए.
- दिल्ली में आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज सभी झूठी प्राथमिकी (FIR) वापस ली जाए तथा गिरफ्तार छात्रों को अविलंब रिहा किया जाए.
पुलिस प्रशासन ने तैनात किया भारी बल, शांतिपूर्ण समाप्त हुआ प्रदर्शन
इस प्रतिरोध मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया. लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद छात्रों का दल शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौट गया.
प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बिहिया में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. प्रदर्शन के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो जाने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली.
Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










