कोहली-गंभीर की लड़ाई से धोनी के गुस्से तक, IPL इतिहास के 5 विवाद

Updated at : 20 Mar 2026 8:38 AM (IST)
विज्ञापन
IPL Controversies

मैदान पर बहस करते हुए एमएस धोनी (बांए) और विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच विवाद (दाएं), Pic- Social Media/X

5 Biggest IPL Controversies: आईपीएल में चौके-छक्कों के साथ कई बार मैदान पर भारी बवाल भी देखने को मिला है. हरभजन सिंह के थप्पड कांड से लेकर विराट कोहली और गौतम गंभीर की लडाई तक, कुछ घटनाएं हमेशा के लिए इतिहास में दर्ज हो गई हैं. आइए जानते हैं आईपीएल के 5 सबसे बड़े विवाद.

विज्ञापन

5 Biggest IPL Controversies: आईपीएल का नया सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है. इस सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. आईपीएल अब दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट बन चुका है. क्रिकेट के इस खेल में रोमांच के साथ कई बार विवाद भी देखने को मिले हैं. आईपीएल के इतिहास में कुछ ऐसी घटनाएं घटी हैं जिन्हें फैंस आज तक नहीं भूल पाए हैं. मैदान पर खिलाडियों के बीच होने वाली बहस और मैदान के बाहर के विवादों ने आईपीएल को हमेशा चर्चा में रखा है.

हरभजन सिंह और श्रीसंत का थप्पड कांड 

आईपीएल के पहले सीजन यानी साल 2008 में एक बहुत बडा विवाद देखने को मिला था. यह मैच मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया था. मैच खत्म होने के बाद मुंबई के कप्तान हरभजन सिंह ने पंजाब के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को थप्पड जड दिया था. मैदान पर श्रीसंत रोते हुए नजर आए थे. 

इस घटना की तस्वीरें और वीडियो बाद में सामने आए जिसने क्रिकेट जगत में भारी बवाल मचा दिया था. हरभजन को इस गलती के लिए पूरे सीजन से बाहर कर दिया गया था. बाद में हरभजन ने अपनी इस गलती के लिए कई बार खुले तौर पर माफी भी मांगी. आज यह दोनों खिलाडी अपनी पुरानी बातों को भूलकर एक अच्छे दोस्त बन चुके हैं.

विराट कोहली और गौतम गंभीर की लडाई 

आईपीएल के इतिहास में विराट कोहली और गौतम गंभीर की लडाई सबसे ज्यादा चर्चा में रही है. इन दोनों के बीच पहला बडा विवाद साल 2013 में हुआ था. यह मैच आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच था. जब विराट कोहली आउट होकर लौट रहे थे तो गंभीर ने कुछ कहा जिसके बाद दोनों आपस में भिड़ गए. रजत भाटिया और बाकी खिलाडियों ने उन्हें अलग किया. इस घटना के 10 साल बाद आईपीएल 2023 में फिर से दोनों आमने-सामने आ गए. 

उस समय गौतम गंभीर लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मेंटर थे. दोनों के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई थी लेकिन दोनों खिलाडियों का मानना है कि खेल में ऐसा होना आम बात है.

कीरोन पोलार्ड और मिचेल स्टार्क का विवाद 

मुंबई इंडियंस के कीरोन पोलार्ड और आरसीबी के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के बीच हुआ विवाद भी आईपीएल के सबसे गर्म पलों में से एक है. यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेला जा रहा था. मैच के दौरान दोनों के बीच कई बार जुबानी जंग हुई. बात तब बहुत ज्यादा बढ गई जब पोलार्ड ने गुस्से में आकर अपना बल्ला स्टार्क की तरफ जोर से फेंक दिया. यह देखकर मैदान पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए थे. इसके बाद तुरंत अंपायर और कप्तान को बीच-बचाव करने के लिए आना पडा था.

अंपायर से भिड़ गए थे एमएस धोनी

एमएस धोनी को हमेशा उनके शांत स्वभाव के लिए जाना जाता है. लेकिन साल 2019 में एक मैच के दौरान धोनी भी अपना गुस्सा नहीं रोक पाए थे. यह मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच था. आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे. तभी बेन स्टोक्स की एक गेंद पर अंपायर ने पहले नो बॉल का इशारा किया लेकिन फिर अपना फैसला बदल दिया. यह देखकर धोनी सीधे अपने डगआउट से मैदान पर आ गए और अंपायर से सवाल करने लगे. इसके लिए उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था.

विराट कोहली और नवीन उल हक की नोकझोंक

साल 2023 में आरसीबी और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच में विराट कोहली और अफगानिस्तान के गेंदबाज नवीन उल हक के बीच भी बहुत तीखी बहस हुई थी. मैच के दौरान दोनों ने एक दूसरे को कुछ कहा. मैच खत्म होने के बाद जब सभी खिलाडी हाथ मिला रहे थे तब भी इन दोनों के बीच बहस जारी रही. नवीन उल हक ने विराट कोहली का हाथ झटक दिया था. इसी मामले में बाद में लखनऊ के मेंटर गौतम गंभीर भी कूद पडे थे. इसके बाद मैदान का माहौल बहुत ज्यादा गर्म हो गया था. बीसीसीआई ने इन सभी खिलाडियों पर भारी जुर्माना लगाया था.

ये भी पढ़ें-

रियल एस्टेट, होटल नहीं इन भारतीय क्रिकेटर्स ने हेल्थ सेक्टर में लगाया पैसा


आईपीएल 2026 में बनेगा नया रिकाॅर्ड, 10 भारतीय कप्तानों के साथ होगा लीग का आगाज

IPL नाम के इस्तेमाल के खिलाफ दायर याचिका खारिज, कोर्ट ने कहा- दलील में कोई दम नहीं

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola