कोहली के लिए चुनौती बनेगा मिशेल स्टार्क : हसी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 Feb 2017 4:32 PM
नयी दिल्ली : आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी का मानना है कि मिशेल स्टार्क अपनी कुछ खास विशेषताओं के कारण चार टेस्ट मैचों की आगामी श्रृंखला में भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिए कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं. कोहली ने हालांकि लगातार चार टेस्ट श्रृंखलाओं में दोहरे शतक जड़कर सर डान ब्रैडमैन का […]
नयी दिल्ली : आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी का मानना है कि मिशेल स्टार्क अपनी कुछ खास विशेषताओं के कारण चार टेस्ट मैचों की आगामी श्रृंखला में भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिए कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं. कोहली ने हालांकि लगातार चार टेस्ट श्रृंखलाओं में दोहरे शतक जड़कर सर डान ब्रैडमैन का रिकार्ड तोड़ा था. हसी ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि स्टार्क उपमहाद्वीप की परिस्थितियों के लिए बेहतरीन गेंदबाज है.
वह अच्छी गति से गेंद करता है, नयी गेंद को स्विंग करा सकता है और रिवर्स स्विंग भी करा लेता है. मुझे पूरा विश्वास है कि वह पूरी श्रृंखला में कोहली के लिए चुनौती पेश करेगा. कोहली अभी बेहतरीन फार्म में हैं और उन्हें रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की जरुरत पडेगी. ” हसी से पूछा गया कि स्टीव स्मिथ को किस तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा, उन्होंने कहा कि भारतीयों के स्पिन गेंदबाजी के माहिर होने के बावजूद आस्ट्रेलियाई कप्तान को अपने स्पिनरों नाथन लियोन और स्टीव ओकीफी के मामले में संयम बरतना होगा. ”
उन्होंने कहा, ‘‘उसे भारत में खेलने का अनुभव है जो कि टेस्ट और आईपीएल स्तर पर महत्वपूर्ण है. मेरा मानना है कि उन्हें अपने स्पिनरों पर बहुत अधिक भरोसा दिखाना होगा और धैर्य रखना होगा. उन्हें सही तरह से क्षेत्ररक्षण सजाना होगा जो आक्रामक और रक्षात्मक दोनों का संतुलन हो. ” डेविड वार्नर भी कोहली की तरह इस समय शानदार फार्म में है और हसी का मानना है कि अलग तरह की पिचों पर अलग तरह की चुनौती का वार्नर और कप्तान स्मिथ दोनों ही लुत्फ उठाएंगे.
हसी ने कहा, ‘‘वार्नर और स्टीव स्मिथ पर आस्ट्रेलिया के लिए बड़ा स्कोर खडा करने का हमेशा दबाव होता है. अच्छी बात यह है कि वे दोनों ही रनों के भूखे हैं और बल्लेबाजी करने का लुत्फ उठाते हैं. भारत इन दोनों खिलाडियों के लिए बडी चुनौती होगा लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वे श्रृंखला में प्रभाव छोडने के लिए प्रतिबद्ध होंगे. ” ‘मिस्टर क्रिकेट’ हसी इस श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलियाई तैयारियों से खुश हैं और यह देखने के लिए बेताब हैं कि वे इसे प्रदर्शन में कैसे तब्दील करते हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय दौरे पर पिछले कुछ समय से क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने काफी ध्यान दिया है और इसके लिए बहुत अच्छी तरह से तैयारियां की गयी हैं. वह मैदान पर इस तरह का प्रदर्शन कर पाते हैं या नहीं यह अभी देखना है लेकिन तैयारियां वास्तव में अच्छी रही हैं. ” आस्ट्रेलिया पुणे में 23 फरवरी से शुरु होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व केवल एक अभ्यास मैच खेलेगा. यह तीन दिवसीय मैच 17 फरवरी से मुंबई में खेला जाएगा. हसी ने कहा, ‘‘मैं पुख्ता तैयारियों के लिए अधिक अभ्यास मैच चाहता. ”
हसी का मानना है कि भारत के दोनों स्टार स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा के खिलाफ आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को स्पष्ट रणनीति के साथ उतरना होगा. उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक बल्लेबाज के पास स्पष्ट रणनीति होनी चाहिए कि वे इन दोनों स्पिनरों का सामना कैसे करेंगे और उन्हें क्रीज पर अपनी रणनीति लागू करनी होगी. यह मुश्किल होगा क्योंकि वे दोनों भारतीय परिस्थितियों में प्रभावशाली गेंदबाज हैं. अश्विन निश्चित तौर पर भारतीय परिस्थितियों को बहुत अच्छी तरह से समझते हैं और जानते हैं कि उनका कैसे उपयोग करना है. इसी तरह से लियोन का भी आस्ट्रेलिया में कुछ कारणों से बेहतर रिकार्ड रहा है. ”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










