सीओए ने कहा-शास्त्री की नियुक्ति मंजूर, द्रविड़, जहीर पर फैसला नहीं

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 Jul 2017 9:32 PM

विज्ञापन

नयी दिल्ली : प्रशासकों की समिति (सीओए) ने शनिवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के सहयोगी स्टाफ को मुख्य कोच रवि शास्त्री के साथ सलाह मशविरे के बाद ही 22 जुलाई तक नियुक्त किया जायेगा, जिससे जहीर खान और राहुल द्रविड़ की नियुक्तियों पर अभी विराम लग गया है. सीओए के सदस्यों विनोद राय, […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : प्रशासकों की समिति (सीओए) ने शनिवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के सहयोगी स्टाफ को मुख्य कोच रवि शास्त्री के साथ सलाह मशविरे के बाद ही 22 जुलाई तक नियुक्त किया जायेगा, जिससे जहीर खान और राहुल द्रविड़ की नियुक्तियों पर अभी विराम लग गया है. सीओए के सदस्यों विनोद राय, डायना एडुल्जी और बीसीसीआइ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जौहरी के बीच बैठक में सीओए ने शास्त्री की नियुक्ति को मंजूरी दी. हालांकि, समिति ने यह स्पष्ट नहीं किया कि द्रविड़ और जहीर सलाहकार के तौर पर कुछ विदेशी दौरों के लिए शामिल होंगे या नहीं जैसा कि बीसीसीआइ द्वारा दावा किया गया था.

बैठक की रिपोर्ट के अनुसार, अन्य सलाहकारों की नियुक्तियां समिति द्वारा मुख्य कोच के साथ सलाह के बाद ही तय की जायेगी. सीओए ने नव नियुक्त मुख्य कोच शास्त्री और अन्य सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के वेतन पर फैसला करने के लिए चार सदस्यीय पैनल का गठन किया था, जिसमें बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना और जौहरी शामिल हैं. एडुल्जी और बीसीसीआइ के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी समिति के अन्य सदस्य हैं, जो 19 जुलाई को बैठक करेंगे. सीओए की बैठक के बाद इसका फैसला किया गया.

नयी समिति 22 जुलाई को अपनी सिफारिशें सीओए को देगी, जबकि टीम तीन दिन पहले 19 जुलाई को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होगी. राय ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, हमने रवि शास्त्री को मुख्य कोच रखने के लिए सीएसी की सारी सिफारिशें देखी और हम उनके साथ अन्य कोचों की नियुक्ति के बारे में चर्चा करेंगे. हमने एक समिति गठित की है और वे सीएसी से बात करेंगे और शास्त्री से बात करने के बाद उनसे बात करेंगे. सहयोगी स्टाफ पर फैसला मुख्य कोच की सलाह के बाद ही किया जायेगा. उन्होंने कहा, कोचिंग टीम के लिए अहम तीन पदों पर फैसला हो चुका है, लेकिन हमें इनमें से प्रत्येक से सलाह करनी होगी. हमें उनकी इच्छा सुनिश्चित करनी होगी और सुनिश्चित करना होगा कि हितों के टकराव का कोई मुद्दा नहीं हो. तीन सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने शास्त्री को मुख्य कोच चुना था, जबकि द्रविड़ और जहीर को विशेष विदेशी दौरों के लिए क्रमश: बल्लेबाजी और गेंदबाजी सलाहकार नियुक्त किया. हालांकि सीओए ने स्पष्ट किया कि ये नाम (जहीर और द्रविड़) सिर्फ सिफारिशें थीं, नियुक्तियां नहीं.

उन्होंने कहा, अभी अनुबंध जैसी कोई चीज नहीं है. ये सिर्फ सिफारिश थीं, नियुक्ति नहीं. सिफारिश की गयी थी और सीओए को सिफारिश के हिसाब से काम करना है और इन सिफारिशों पर मुख्य कोच की सलाह के बाद ही काम किया जायेगा. भारत 26 जुलाई को श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट खेलेगा. सीएसी ने पत्र लिख कर इस बात पर निराशा व्यक्त की थी कि ऐसा पेश किया जा रहा है कि द्रविड़ और जहीर की नियुक्तियों को शास्त्री पर थोपा गया था. राय से इस बारे में पूछने पर कहा, सीएसी ने सीइओ के साथ काफी संपर्क किये हैं और मेरे साथ भी और हमने भी उनके सभी पत्रों के जवाब दिये हैं. भारतीय सीनियर टीम के मैनेजर के लिए विज्ञापन भी तुरंत दिया जायेगा. साथ ही ए टीम और अंडर-19 टीम के मैनेजरों के लिए भी विज्ञापन दिया जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola