रांची में ‘स्पेशल 26’ स्टाइल रंगदारी: फर्जी इनकम टैक्स कमिश्नर बनकर पूर्व सैनिक की दुकान में मारी रेड

Updated:
विज्ञापन
Ranchi Crime News

फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर पूर्व सैनिक के घर पर रेड

Ranchi Crime News: रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के लालजी हीरजी रोड पर फर्जी इनकम टैक्स कमिश्नर बनकर एक पूर्व सैनिक व्यापारी से रंगदारी मांगने और दुकान बंद कराने की धमकी देने का मामला सामने आया है. हथियारबंद गार्ड्स के साथ आए आरोपियों ने डीसी और एसएसपी का खौफ दिखाकर सेटलमेंट का दबाव बनाया. कोतवाली पुलिस ने मित्तल भंडार और राहुल अग्रवाल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

रांची से राजेश कुमारी की रिपोर्ट

Ranchi Crime News, रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर एक प्रतिष्ठित व्यापारी और भूत पूर्व सैनिक से रंगदारी मांगने और दुकान बंद कराने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. लालजी हीरजी रोड स्थित श्री राम कॉम्प्लेक्स के ‘स्पोर्ट्स जंक्शन इंटरप्राइजेज शोरूम’ में बदमाशों ने हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों के साथ घुसकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. खुद को इनकम टैक्स कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर बताने वाले इन आरोपियों ने व्यापारी को फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी है, जिसके बाद से पीड़ित व्यापारी का पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है. इस संबंध में कोतवाली थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

दुकान में हथियारबंद गार्ड्स के साथ घुसे फर्जी कमिश्नर

घटना को लेकर दुकान के मालिक सह पूर्व सैनिक नरेश प्रसाद मेहता ने पुलिस को बताया कि 20 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान मित्तल भंडार का मालिक और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति अचानक उनकी दुकान में घुस गए. उनके साथ आए सुरक्षाकर्मी नीले रंग का सफारी सूट पहने हुए थे और उनके कंधे पर दोनाली बंदूक टंगी हुई थी. दुकान में घुसते ही मुख्य आरोपी ने अपना परिचय ‘आरके गर्ग, इनकम टैक्स कमिश्नर’ के रूप में दिया. उसने पूर्व सैनिक को डराते हुए कहा कि वह उनकी पुरानी इनकम टैक्स फाइल खुलवा देगा और झूठा केस बनाकर दुकान बंद करवा देगा.

बोले आरोपी- ‘तुमको डीसी और एसएसपी भी नहीं बचा पाएंगे’

प्राथमिकी के अनुसार, फर्जी कमिश्नर बने आरोपी ने पूर्व सैनिक को बात न मानने पर गंभीर अंजाम भुगतने की सीधी धमकी दी. धौंस जमाते हुए आरोपी ने कहा कि अगर बात नहीं मानी तो तुमको रांची के डीसी (DC) और एसएसपी (SSP) भी नहीं बचा पाएंगे. इस अप्रत्याशित घटना और पिस्तौलधारी सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण दुकान में काफी देर तक अफरा-तफरी और डर का माहौल बना रहा.

Also Read: पुलिस ने पीछा किया तो ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, मौत के बाद छह घंटे तक सड़क जाम

व्यापारी के बेटे को फोन कर कहा- ‘सेटलमेंट कर लो’

दुकान में धमकी देने के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा. सुबह 11:27 बजे राहुल अग्रवाल नाम के एक अन्य व्यक्ति ने दुकान मालिक के बेटे सर्वेश बागला के मोबाइल नंबर पर फोन किया. फोन करने वाले ने खुद का परिचय ‘आरके गर्ग, असिस्टेंट कमिश्नर इनकम टैक्स’ के रूप में दिया. उसने फोन पर अपनी हनक दिखाते हुए कहा कि अगर इस पूरे मामले से बचना है तो बैठकर ‘सेटलमेंट’ (समझौता) कर लो, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहो.

मित्तल भंडार और राहुल अग्रवाल पर नामजद प्राथमिकी दर्ज

इस मानसिक प्रताड़ना और रंगदारी की मांग से तंग आकर पीड़ित पूर्व सैनिक नरेश प्रसाद मेहता ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मित्तल भंडार के मालिक और राहुल अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है. पीड़ित ने अपने आवेदन में साफ कहा है कि यदि भविष्य में उनके, उनके परिवार या उनके व्यापार के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो इसके लिए पूरी तरह से मित्तल भंडार और राहुल अग्रवाल जिम्मेदार होंगे.

Also Read: चतरा में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के सभी लंबित मामलों का निष्पादन, 20 मामलों में 20.24 लाख का जुर्माना

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola