पुलिस ने पीछा किया तो ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, मौत के बाद छह घंटे तक सड़क जाम

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 22 May 2026 8:43 PM

विज्ञापन

महिला को रौंदने वाला ट्रैक्टर और सड़क जाम करते लोग. फोटो: प्रभात खबर

Chatra News: चतरा के गिद्धौर में पुलिस से भाग रहे अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने छह घंटे तक सड़क जाम रखा. पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

चतरा से दीनबंधू, धनश्याम और तस्लीम की रिपोर्ट

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई. ब्रहमपुर मोड़ हनुमान मंदिर के समीप अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया. हादसे में बारीसाखी के मायाडीह गांव निवासी खुशबू देवी (26) की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका के पति दिलीप रविदास और उनकी बच्ची को मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा.

पुलिस पीछा कर रही थी, भागने के दौरान हुआ हादसा

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर चतरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली और ट्रैक्टरों का पीछा शुरू किया गया. पुलिस की कार्रवाई से घबराकर एक ट्रैक्टर इटखोरी की ओर भाग निकला, जबकि दूसरा ट्रैक्टर भी मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक पर सवार खुशबू देवी ट्रैक्टर के नीचे आ गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. उनके पति और बच्ची किसी तरह बच गए, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आई हैं.

मायके से लौट रही थी महिला

बताया जा रहा है कि खुशबू देवी अपने पति और बच्ची के साथ मायके से ससुराल लौट रही थीं. इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर इटखोरी थाना क्षेत्र के हलमत्ता गांव के जुगू निवासी शकलदेव यादव का बताया जा रहा है.

छह घंटे तक सड़क जाम, यात्रियों को हुई परेशानी

महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सुबह करीब नौ बजे चतरा-इटखोरी मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम दोपहर करीब तीन बजे तक जारी रहा. करीब छह घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. तेज धूप और गर्मी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री घंटों सड़क पर फंसे रहे. ग्रामीण मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और अवैध बालू कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

प्रशासन के आश्वासन के बाद हटा जाम

सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद सीओ अनंत सयनम विश्वकर्मा, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. काफी बातचीत के बाद सीओ ने मृतका के पति को तत्काल 50 हजार रुपये नकद सहायता और आपदा प्रबंधन विभाग से एक लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया.

इसे भी पढ़ें: रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलना प्रेमी को पड़ गया भारी, ग्रामीणों ने पकड़ के करा दी शादी

ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. साथ ही चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध बालू परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जिले में चल रहे अवैध बालू कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: चतरा में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के सभी लंबित मामलों का निष्पादन, 20 मामलों में 20.24 लाख का जुर्माना

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola