प्रणब दा को भारत रत्न : राहुल ने कहा - कांग्रेस को गर्व है कि मुखर्जी के योगदान को सम्मान मिला
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Jan 2019 11:04 PM
नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की भारत सरकार की घोषणा के बाद मुखर्जी को बधाई दी और कहा कि उनकी पार्टी को गर्व है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे एक व्यक्ति के योगदान को पहचान और सम्मान दिया गया है. गांधी […]
नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की भारत सरकार की घोषणा के बाद मुखर्जी को बधाई दी और कहा कि उनकी पार्टी को गर्व है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे एक व्यक्ति के योगदान को पहचान और सम्मान दिया गया है.
गांधी ने ट्वीट कर कहा, प्रणब दा, भारत रत्न के लिए बधाई. कांग्रेस पार्टी को गर्व है कि जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण में हमारे एक अपने के असीम योगदान को पहचान और सम्मान मिला है. उन्होंने भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को भारत रत्न (मरणोपरांत) दिये जाने की घोषणा पर भी खुशी जतायी. गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रसिद्ध संगीतकार भूपेन हजारिका एवं जनसंघ से जुड़े नेता एवं समाजसेवी नानाजी देशमुख को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जायेगा. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि नानाजी देशमुख एवं भूपेन हजारिका को यह सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया जायेगा. पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे. वह संप्रग प्रथम और द्वितीय सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे.
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, प्रणब मुखर्जी जी को भारत रत्न देने का हम स्वागत करते हैं. वह कद्दावर नेता हैं और देश के राष्ट्रपति रहे हैं. अपने लंबे राजनीतिक जीवन में प्रणब मुखर्जी ने देश और समाज की सेवा की है. उन्होंने कहा, प्रणब जी विद्वान हैं और देश के प्रति अपने समर्पण के लिए जाने जाते हैं. इसके साथ वह वह कांग्रेस के नेता हैं जो स्वंतत्रता संग्राम से जुड़ी उस विचारधारा के प्रति समर्पित रहे हैं जो महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और सरदार पटेल की विचारधारा है. उन्होंने कहा, हम उन्हें मुबारकबाद देते हैं. यह सही मायनों में उनके योगदान की पहचान है. मुखर्जी की पुत्री और कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










