पुलिस ने छापेमारी कर अपहृत को किया सकुशल बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार

टाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध की एक बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया.
जमुई . टाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध की एक बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया. पुलिस ने जाल बिछाकर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके चंगुल से अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि जमुई टाऊन थाना पुलिस ने अपहरण की बड़ी वारदात को अंजाम देकर चार लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. एसडीपीओ ने बताया कि बीते बुधवार को सदर थाना निवासी कृष्णा सिंह ने अपने बेटे के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. कृष्णा सिंह ने बताया था कि पवन यादव, शाहबाज खान एवं उसके अन्य साथियों ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया है और इसके एवज में चार लाख रुपये की फिरौती की मांग कर रहे हैं. शिकायत मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. उक्त टीम ने सादे लिबास में छापेमारी कर अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया. इसे लेकर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ताओं द्वारा रुपये लेकर बुलाये जाने वाले स्थान पर छापेमारी की. मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया गया और उनकी निशानदेही पर अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया गया. पुलिस ने मौके से आजाद नगर निवासी आजम, पिता मो ताहिर, शिवनडीह निवासी राजा कुमार भगत पिता मनोज भगत और आजाद नगर निवासी मो शाहबाज खान पिता मो सरफराज खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से फिरौती के लिए प्रयुक्त मोबाइल फोन और अपहरण में प्रयुक्त दो बाइकें भी बरामद किया है. एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष शेखर सौरभ, पुलिस अवर निरीक्षक नीलम कुमारी, रूबी कुमारी, अखिलेश कुमार, निकेश कुमार, धीरज कुमार, उदय कुमार, सिपाही रणवीर कुमार सहित टाउन थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




