भाजपा की प्रचंड जीत का जश्न मना रहा शेयर बाजार, रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा सेंसेक्स-निफ्टी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 May 2019 6:00 PM
मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों बीएसई और एनएसई के सूचकांक सोमवार को फिर एक बार नयी ऊंचाई पर बंद हुए. निवेशक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा को मिली शानदार जीत से उत्साहित हैं. करीब 400 अंक की तेजी के बाद 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 248.57 अंक यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के […]
मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों बीएसई और एनएसई के सूचकांक सोमवार को फिर एक बार नयी ऊंचाई पर बंद हुए. निवेशक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा को मिली शानदार जीत से उत्साहित हैं. करीब 400 अंक की तेजी के बाद 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 248.57 अंक यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 39,683.29 अंक पर बंद हुआ. कारोबार की समाप्ति पर यह सेंसेक्स का अब तक का सर्वोच्च स्तर है.
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 39,821.94 तथा नीचे में 39,353.16 अंक तक गया. इसी प्रकार, एनएसई निफ्टी 80.65 अंक अर्थात 0.68 फीसदी उछलकर 11,924.75 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी का यह अब तक का सर्वोच्च बंद स्तर है. कारोबार के दौरान यह 11,957.15 से 11,812.40 अंक के दायरे में ऊपर नीचे हुआ.
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक लाभ में रहा और इसमें 5.78 फीसदी की तेजी आयी. उसके बाद यस बैंक, एनटीपीसी, एल एंड टी, एक्सिस बैंक, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा दोनों एचडीएफसी, वेदांता, एचयूएल, पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, एचसीएल, टीसीएस तथा आईटीसी 3.79 फीसदी तक मजबूत हुए.
वहीं, इंडसइंड बैंक, आरआईएल, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, ओएनजीसी, मारुति, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, कोल इंडिया, हीरो मोटो कॉर्प, सन फार्मा तथा इन्फोसिस नुकसान में रहे. इनमें 2.37 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गयी. विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में चौतरफा तेजी रही. इसका कारण अगले एक-दो तिमाहियों में अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर परिदृश्य की उम्मीद है.
मोदी की अगुवाई में एनडीए की लोकसभा चुनावों में बेहतरीन जीत के बाद घरेलू तथा विदेशी निवेशक उत्साहित हैं. शेयर बाजारों के पास उपलब्ध अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,026.33 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 195.35 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. वैश्विक स्तर पर एशिया के अन्य बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जबकि यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरूआती कारोबार में तेजी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










