पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और बाढ़ की मार से मंद पड़ी वाहनों की बिक्री की रफ्तार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Oct 2018 9:45 PM

विज्ञापन

नयी दिल्ली : ईंधन के बढ़ते दाम और कुछ जगह बाढ़ के कारण सितंबर में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री की रफ्तार मंद रही. प्रमुख विनिर्माताओं की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों में बिक्री में यह गिरावट दिखी है. मारुति-सुजुकी इंडिया (एमएसआई), टाटा मोटर, टोयोटा किर्लोस्कर की सितंबर की बिक्री की वृद्धि […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : ईंधन के बढ़ते दाम और कुछ जगह बाढ़ के कारण सितंबर में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री की रफ्तार मंद रही. प्रमुख विनिर्माताओं की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों में बिक्री में यह गिरावट दिखी है. मारुति-सुजुकी इंडिया (एमएसआई), टाटा मोटर, टोयोटा किर्लोस्कर की सितंबर की बिक्री की वृद्धि दर 10 फीसदी से नीचे रही, जबकि हुंडई, महिंद्रा एंड महिंद्रा और फोर्ड की बिक्री घटी.

इसे भी पढ़ें : बजाज ऑटो की बिक्री सितंबर में 17 प्रतिशत बढ़ी

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता एमएमआई ने कहा कि इस साल सितंबर में उसने 1.4 फीसदी की वृद्धि के साथ घरेलू बाजार में 1,53,550 इकाइयों की बिक्री की. पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी ने 1,51,400 वाहन बेचे थे. कंपनी के स्विफ्ट और बलेनो जैसे मॉडल की बिक्री में पिछले महीने बढ़ोतरी हुई. वहीं, छोटी कारों और उपयोगी वाहनों की बिक्री में कमी आयी.

ऑल्टो और वैगन आर जैसी छोटी कारों की बिक्री में पिछले साल की जुलाई के मुकाबले 9.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी. पिछले महीने में कंपनी ने 34,971 इकाइयों की बिक्री की. वहीं स्विफ्ट, सेलेरियो, इगनिस, बलेनो और डिजायर जैसे कॉम्पैक्ट वर्ग के वाहनों की बिक्री में 1.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी. कंपनी ने पिछले महीने इस श्रेणी की 74,011 कारों की बिक्री की. पिछले साल सितंबर में कंपनी ने इस वर्ग के 72,804 वाहन बेचे. विटारा ब्रिजा, एस क्रॉस और अर्टिगा जैसे उपयोगी वाहनों की बिक्री 8.7 फीसदी की वृद्धि के साथ 21,639 रही. कंपनी ने पिछले साल इसी अवधि में 19,900 वाहन बेचे थे.

टाटा मोटर ने कहा कि पिछले महीने घरेलू बाजार में उसके यात्री वाहनों की बिक्री सात फीसदी बढ़कर 18,429 इकाइयां रहीं. कंपनी ने पिछले साल सितंबर में 17,286 वाहनों की बिक्री की थी. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने पिछले महीने 1.43 फीसदी की वृद्धि के साथ 12,512 वाहनों की बिक्री की. कंपनी ने पिछले साल इसी अवधि में 12,335 वाहन बेचे थे.

टीकेएम के उप प्रबंध निदेशक एन राजा ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों, देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और मुद्रा के कमजोर होने के कारण ऑटो उत्पाद की मांग अस्थायी तौर पर गिरी है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि त्योहारी मौसम में स्थिति बेहतर होगी और वाहन खरीद के रुझान में मजबूती आयेगी. हुंडई ने कहा कि उसके वाहनों की घरेलू बिक्री में साढ़े चार फीसदी की गिरावट आयी है. कंपनी ने इस साल सितंबर में 47,781 वाहन घरेलू बाजार में बेचे. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 50,028 इकाइयों की बिक्री की थी.

इसी प्रकार महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहनों की घरेलू बिक्री में 16 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी. कंपनी ने इस साल सितंबर में 21,411 वाहन बेचे. उसने पिछले साल इसी अवधि में 25,414 इकाई की बिक्री की थी. एम एंड एम के ऑटोमोटिव सेक्टर के अध्यक्ष राजन वढेरा ने कहा कि ग्राहकों की कमजोर धारणा, पेट्रोल-डीजल की ऊंची कीमतों और देश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसून के प्रभाव के कारण सितंबर में यात्री वाहनों के बाजार में सन्नाटा रहा.

कंपनी ने आशा जतायी कि आगामी त्योहारी मौसम में कंपनी के साथ-साथ ऑटो उद्योग में खरीदी मजबूत होगी. कंपनी ने कहा कि सितंबर में उसकी घरेलू बिक्री में 6.04 फीसदी की गिरावट दर्ज की गयी. कंपनी ने इस साल सितंबर में 8,239 वाहन बेचे. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी की बिक्री 8,769 इकाई रही थी. फोर्ड इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अनुराग मेहरोत्रा ने कहा कि केरल में बाढ़, ईंधन के मूल्य में वृद्धि, रुपये के कमजोर होने से त्योहारी मौसम की शुरुआत अपेक्षाकृत फीकी हुई है. उद्योग को उम्मीद है कि उच्च वृद्धि के साथ त्योहारों के मौसम का समापन होगा.

दोपहिया वर्ग में बजाज ने कहा कि आलोच्य महीने में उसकी घरेलू बिक्री पिछले साल की 2,81,779 इकाइयों की तुलना में 11 फीसदी बढ़कर 3,11,503 इकाइयों पर पहुंच गयी. दोपहिया निर्माता ने कहा कि पिछले महीने कंपनी की घरेलू बिक्री एक फीसदी बढ़कर 70,065 इकाइयां रहीं. रॉयल एनफील्ड ने पिछले साल सितंबर में 69,393 इकाइयों की बिक्री की थी.

सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएमआईपीएल) ने सितंबर में 24.27 फीसदी की वृद्धि के साथ 63,140 वाहनों की बिक्री की. टीवीएस मोटर ने कहा कि सितंबर में उसने 18 फीसदी वृद्धि के साथ 4,23,978 वाहन बेचे. कंपनी ने पिछले साल इसी अवधि में 3,59,850 वाहनों की बिक्री की थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola