आफत की गर्मी : 44 डिग्री पारा से झुलस रहे लोग, सूर्य की किरणों से बरस रही आग
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 03 Jun 2026 1:14 PM
धूप से बचने के लिए सिर ढककर जाती छात्राएं.
Arrah News : दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगीं और लोग धूप व लू से बचने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए. जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, उन्हें भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा.
Arrah News : (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट)
भोजपुर जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है. मंगलवार को भी सूर्य के तेवर बेहद तल्ख रहे और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि लोग दिन के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं.
सुबह से ही सूर्य की किरणों में तेज तपिश महसूस होने लगी थी. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी का असर और बढ़ता गया. दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगीं और लोग धूप व लू से बचने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए. जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, उन्हें भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ा.

लोग बेल का शरबत, सत्तू और तरबूज का सेवन करते नजर आए
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में लोग छाता, गमछा और अन्य साधनों का सहारा लेकर धूप से बचने की कोशिश करते दिखाई दिए. वहीं कई लोग बेल का शरबत, सत्तू और तरबूज का सेवन कर शरीर को ठंडा रखने का प्रयास करते नजर आए. पेड़ों की छांव भी राहगीरों के लिए राहत का सहारा बनी रही.
लू और संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
बढ़ती गर्मी के साथ जिले में लू और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. सदर अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों में डायरिया, बुखार, उल्टी-दस्त और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

फिलहाल गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने तथा धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










