बधार में शौच के लिए गयी महिला को विषैले सांप ने काटा, इलाज के दौरान मौत
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 03 Jun 2026 1:52 PM
अस्पातल में गमगीन परिजन.
Kaimur News : सांप काटने की जानकारी महिला परिजनों को दी. सांप काटने की बात सुनते ही परिजन उन्हें गांव में झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए. स्थिति ठीक नहीं होने पर अस्पताल ले गए.
Kaimur News : (रंजीत पटेल की रिपोर्ट)
चैनपुर थाना क्षेत्र के तिवई गांव में विषैले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतका की पहचान तिवई गांव निवासी हरिवंश पासवान की 44 वर्षीय पत्नी दुर्गा देवी के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम दुर्गा देवी घर से बाहर बधार में शौच के लिए गई थीं. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक विषैले सांप ने उन्हें डस लिया. घर लौटने पर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी. सांप काटने की बात सुनते ही परिजन उन्हें गांव में झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए.
झाड़-फूंक के बावजूद नहीं सुधरी हालत
परिजनों के अनुसार काफी देर तक झाड़-फूंक की प्रक्रिया चलती रही, लेकिन महिला की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. समय बीतने के साथ उनके शरीर में जहर का असर बढ़ने लगा और उन्हें बेचैनी, कमजोरी सहित अन्य गंभीर लक्षण महसूस होने लगे.
हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
बुधवार सुबह घटना की सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया.
गांव में पसरा मातम
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पति हरिवंश पासवान सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गा देवी मिलनसार स्वभाव की महिला थीं और गांव के सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती थीं. उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
सांप काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सलाह
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ खेतों, बधारों और झाड़ियों में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए. समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से कई मामलों में जान बचाई जा सकती है.
Also Read : जेईई एडवांस्ड में ऑल इंडिया रैंक 700 हासिल कर अभीउदय ने बढ़ाया जिला का मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










