कैमूर: पहली ही बारिश में डूबा वार्ड-7, घरों और सड़कों पर भरा नाले का पानी, लोगों में आक्रोश

फोटो,,,घर में पानी के बीच गृहणी | Prabhat Khabar Network
नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार की सुबह हुई पहली बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. वार्ड संख्या-7 की सड़कें और कई घर नाले के पानी से जलमग्न हो गए, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. लाखों रुपये खर्च के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है.
Rohtas News : नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार सुबह हुई बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. पहली ही बारिश में वार्ड संख्या-7 की सड़कें और कई घर नाले के पानी से जलमग्न हो गए. नालियों से पानी की निकासी नहीं होने और दबाव बढ़ने के कारण गंदा पानी सड़कों और घरों में फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस घटना के बाद नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
लाखों खर्च के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों और सड़कों के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन नालों की सही लेवलिंग और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में जलजमाव की समस्या बनी रहती है. लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है.
सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाए सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश शर्मा ने कहा कि नाली निर्माण का उद्देश्य बरसात के पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित करना था, लेकिन हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं. पहले भी बारिश में जलजमाव होता था और आज भी लोग उसी समस्या से जूझ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है, जिसके कारण हर वर्ष लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है.
समय रहते नहीं हुई कार्रवाई तो बढ़ेगी मुश्किल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अभी बरसात की शुरुआत ही हुई है और हालात इतने खराब हैं. यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. जलजमाव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
नालियों की सफाई और स्थायी समाधान की मांग
नगर पंचायतवासियों ने सरकार और प्रशासन से सभी नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










