कैमूर: मोहनिया में पैतृक संपत्ति को लेकर पाटीदारों में भिड़ंत, लाठी-डंडों से पिता-पुत्र को किया घायल; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

अस्पताल में मामले की जांच करती पुलिस
कैमूर जिले के मोहनिया में जमीन विवाद हिंसक हो उठा, जिसमें पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। गांव में तनाव का माहौल है।
Kaimur Land Dispute Violent : कैमूर जिले के मोहनिया में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. रविवार की रात अचानक दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया की मारपीट में बदल गई. घटना में पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के अतरवलिया गांव का है. घायलों की पहचान अतरवलिया गांव निवासी स्वर्गीय बसंत साह के 70 वर्षीय पुत्र रामानंद साह और उनके 40 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश साह के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पैतृक जमीन के बंटवारे और स्वामित्व को लेकर भिड़े
परिजनों के अनुसार, रविवार की रात रामानंद साह अपने भाई के साथ पैतृक जमीन के बंटवारे और स्वामित्व को लेकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. पहले कहासुनी हुई और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई. आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें रामानंद साह और उनके पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए.
Kaimur News : मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस, अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज शुरू किया.
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित तिवारी ने बताया कि दोनों घायलों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. फिलहाल दोनों का इलाज बाहर चल रहा है.
Mohania land Dispute : पहले से चल रहा था विवाद
ग्रामीणों की मानें तो दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. कई बार पहले भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके थे, लेकिन हर बार मामला किसी तरह शांत हो जाता था. इस बार विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिससे स्थिति बिगड़ गई.
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद का समाधान हो जाता तो ऐसी नौबत नहीं आती.
पुलिस ने शुरू की जांच, कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया है. दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










