नारायणगढ़ में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस-आबकारी विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप

नारायणगढ़ में अवैध व कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस की लगातार कारवाई , पुलिस-आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कई भट्टियां ध्वस्त, भारी मात्रा में शराब व कच्चा माल नष्ट | Prabhat Khabar Network
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया. शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची (देसी) शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने लगातार दूसरी बार बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
यह विशेष अभियान नारायणगढ़ थाना प्रभारी (ओसी) गोबर्धन साव के नेतृत्व में चलाया गया. पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पाकुड़सेनी और नरमा गांवों में अचानक छापेमारी की. पुलिस के पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गये.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल हो रही भट्ठियों, चूल्हों और अस्थायी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया. साथ ही मौके पर मौजूद भारी मात्रा में तैयार कच्ची शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त कच्चे फर्मेंटेड मिश्रण को भी नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा उत्पादन शुरू न हो सके.
इससे पहले पिछले सप्ताह सोमवार को भी नारायणगढ़ थाना पुलिस और नारायणगढ़ आबकारी सर्किल की संयुक्त टीम ने बड़कलंकाई, बिरबिरा, आहारमुंडा और तालाडीहा क्षेत्रों में सुबह से देर रात तक अभियान चलाकर कई अवैध शराब अड्डों को ध्वस्त किया था.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध कच्ची शराब का कारोबार न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










