दुनिया का दूसरा सबसे लंबा नेता, 6 फुट 6 इंच है कद, पीएम मोदी की जमकर की तारीफ, जानें कौन हैं ये?
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 14 Jun 2026 2:21 PM
सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिच और पीएम मोदी. फोटो- एक्स.
Aleksandar Vucic Congratulates PM Modi: सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी. जानिए 6 फीट 6 इंच लंबे सर्बियाई राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से क्या है गजब का इत्तेफाक और उन्होंने पीएम मोदी को क्यों बधाई दी.
Aleksandar Vucic Congratulates PM Modi: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं. इसी कड़ी में सर्बिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिच ने भी उन्हें बधाई संदेश दिया. वुसिच सर्बिया के राष्ट्रपति के रूप में ही नहीं, बल्कि दुनिया के दूसरे सबसे लंबे लीडर (विशेषतः राष्ट्राध्यक्ष) के रूप में जाने जाते हैं. उनकी लंबाई करीब 6 फीट 6 इंच (यानी 1.99 मीटर या 199 सेमी) है. वैसे सबसे लंबे नेता की बात करें, तो अल्बानिया के प्रधानमंत्री इदी रामा का नाम आता है. वह तकरीबन 200.66 सेमी यानी 6 फुट 7 इंच लंबे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी 190 सेमी की लंबाई के साथ काफी हाइट वाले हैं. लेकिन वह तीसरे नंबर पर हैं. पीएम मोदी की लंबाई 5 फुट 7 इंच यानी लगभग 170 सेमी है.
वुसिच बोले- जनता का भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत
एलेक्जेंडर वुसिच ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता, वैश्विक प्रभाव और भारत के विकास में योगदान की खुलकर सराहना की. सोशल मीडिया पर साझा अपने संदेश में एलेक्जेंडर वुसिच ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इतने लंबे समय तक देश का नेतृत्व करना इस बात का प्रमाण है कि भारत की जनता उन पर गहरा विश्वास करती है.
उन्होंने लिखा, ‘नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई. किसी नेता का इतने लंबे समय तक सर्वोच्च पद पर बने रहना इस बात को दर्शाता है कि लोगों का उन पर कितना भरोसा है.’
वुसिच ने आगे कहा, ‘किसी राजनेता की असली ताकत केवल उसके कार्यकाल की अवधि या चुनावी जीतों से नहीं मापी जाती, बल्कि उस विरासत से मापी जाती है जो वह पीछे छोड़ता है, उन परिणामों से जो वह देता है और उस दृष्टि से जो समय की राजनीति से आगे तक कायम रहती है.’
हालिया मुलाकात को भी किया याद
सर्बियाई राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी हालिया मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस बातचीत में उन्हें एक ऐसे अनुभवी नेता की झलक मिली जो आधुनिक दुनिया की चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं.
वुसिच ने लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के दौरान मैंने एक अनुभवी राजनेता की दूरदर्शिता को महसूस किया. वह ऐसे नेता हैं जो परंपरा, राष्ट्रीय पहचान और राष्ट्रीय हितों के महत्व को अच्छी तरह समझते हैं.’
उन्होंने कहा कि अनुभव, दूरदृष्टि और देश के प्रति समर्पण का यही अनूठा मेल प्रधानमंत्री मोदी को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाता है. अपने संदेश के अंत में वुसिच ने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, निरंतर सफलता और भारत को आगे बढ़ाने की शक्ति की कामना की.
वुसिच का मोदी से गजब इत्तेफाक
वुसिच का पीएम मोदी से एक और खास इत्तेफाक है. दोनों नेताओं ने अपने-अपने देश की बागडोर 2014 में संभाली और अब तक उस पर कायम हैं. जहां नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 को भारत के पीएम बने, वहीं वुसिच भी 2014 में सर्बिया के प्रधानमंत्री बने. हालांकि, पीएम मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन दूसरे कार्यकाल के बाद वह सर्बिया के राष्ट्रपति बने और अब तक हैं.
पीएम मोदी ने भी दिया जवाब
सर्बियाई राष्ट्रपति की शुभकामनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति वुसिच, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. आपकी हालिया भारत यात्रा और हमारी सार्थक चर्चाएं मुझे आज भी याद हैं. भारत सर्बिया के साथ अपनी मित्रता को बहुत महत्व देता है और आने वाले वर्षों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए साथ काम करने को उत्सुक है.’
कौन हैं एलेक्जेंडर वुसिच?
सर्बियाई सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, एलेक्जेंडर वुसिच का जन्म 5 मार्च 1970 को सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में हुआ था. उन्होंने बेलग्रेड विश्वविद्यालय के विधि संकाय से कानून की पढ़ाई पूरी की.
वर्ष 1993 में उन्होंने सर्बियन रेडिकल पार्टी से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और उसी साल संसद सदस्य चुने गए. 1994 में वह पार्टी के महासचिव बने और 2008 तक इस पद पर रहे. राजनीति में सक्रिय रहते हुए उन्होंने 1998 में राष्ट्रीय एकता सरकार में सूचना मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. बाद में उन्होंने कई बार संघीय संसद और राष्ट्रीय संसद में प्रतिनिधित्व किया.
रक्षा मंत्री से प्रधानमंत्री और फिर राष्ट्रपति तक का सफर
एलेक्जेंडर वुसिच ने 2008 में टोमिस्लाव निकोलिच के साथ मिलकर सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी की स्थापना की. 2012 में आम चुनावों के बाद उन्हें रक्षा मंत्री और प्रथम उपप्रधानमंत्री बनाया गया. भ्रष्टाचार और संगठित अपराध के खिलाफ उनकी मुहिम ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनाया.
2014 में उनकी पार्टी ने चुनाव जीता और वह पहली बार सर्बिया के प्रधानमंत्री बने. 2016 में उन्होंने दूसरा कार्यकाल भी संभाला. इसके बाद 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल कर वह सर्बिया के राष्ट्रपति बने और तब से देश का नेतृत्व कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- अमेरिका के साथ पीस डील पर नाराज हुई ईरानी जनता, अपनों के खिलाफ सड़कों पर उतरी; अराघची-गालिबाफ का इस्तीफा मांगा
ये भी पढ़ें:- FIFA WC में कनाडा का मैच छोड़ कैटी पेरी के शो में पहुंचे जस्टिन ट्रूडो, हुई आलोचना तो बोले- कभी-कभी बॉयफ्रेंड…
लंबाई ही नहीं, आर्थिक सुधारों के लिए भी जाने जाते हैं
प्रधानमंत्री रहते हुए वुसिच ने कई कठिन आर्थिक सुधार लागू किए. उनकी सरकार ने सार्वजनिक वित्तीय संकट को नियंत्रित करने, बजट घाटा कम करने और देश के बढ़ते कर्ज पर लगाम लगाने के लिए कई बड़े फैसले लिए. सर्बिया में उन्हें आर्थिक पुनर्निर्माण और प्रशासनिक सुधारों के लिए भी जाना जाता है.
किताबों, शतरंज और खेलों के शौकीन
राजनीति के अलावा एलेक्जेंडर वुसिच को इतिहास, भू-राजनीति और साहित्य पढ़ने का विशेष शौक है. उनके पास बड़ी निजी पुस्तकालय भी है. वह शतरंज खेलना पसंद करते हैं और फुटबॉल तथा बास्केटबॉल के बड़े प्रशंसक माने जाते हैं. वुसिच अंग्रेजी और रूसी भाषा में धाराप्रवाह हैं, जबकि फ्रेंच का सामान्य ज्ञान रखते हैं और जर्मन भाषा भी सीख रहे हैं. उनकी पत्नी का नाम तमारा वुसिच है. उनके तीन बच्चे हैं. जिनका नाम दानिलो, मिलिका और वुकान है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










