चौथम में खुला डिग्री कॉलेज, पहली सूची में 52 छात्रों का एडमिशन, अब घर के पास मिलेगी ग्रेजुएशन की पढ़ाई

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 14 Jun 2026 3:18 PM

विज्ञापन

Khagaria News: खगड़िया के चौथम प्रखंड में उच्च शिक्षा का सपना अब हकीकत बन रहा है. नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और पहली सूची में 52 छात्रों का एडमिशन भी हो चुका है. कॉलेज खुलने से हजारों छात्रों, खासकर छात्राओं को बड़ी राहत मिलने वाली है.

विज्ञापन

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट

Khagaria News: खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है. नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पहली सूची के आधार पर 52 छात्रों का एडमिशन हो चुका है. मुंगेर विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई के रूप में संचालित इस कॉलेज से आसपास के इलाकों के विद्यार्थियों को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

डीईओ खुद कर रहे हैं निगरानी

कॉलेज का संचालन फिलहाल उच्च माध्यमिक विद्यालय पहाड़चक परिसर में किया जा रहा है. कॉलेज की व्यवस्था और नामांकन प्रक्रिया की निगरानी स्वयं जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमेन्द्र कुमार गौंड कर रहे हैं. वे नियमित रूप से कॉलेज पहुंचकर नामांकन, कक्षाओं के संचालन और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं. निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं.

सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बना उम्मीद की नई किरण

डीईओ ने बताया कि चौथम डिग्री कॉलेज सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है. यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. शिक्षकों की उपलब्धता, बेंच-डेस्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.

छात्राओं को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ

कॉलेज में नामांकन शुरू होने से चौथम, बेलदौर और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों में उत्साह का माहौल है. अब स्थानीय विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए खगड़िया, भागलपुर या दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी. खासकर छात्राओं के लिए यह कॉलेज वरदान साबित हो सकता है, क्योंकि उन्हें अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा.

जल्द आएगी दूसरी सूची, बढ़ेंगी सुविधाएं

कॉलेज प्रशासन के अनुसार जल्द ही दूसरी नामांकन सूची जारी की जाएगी. वर्ष 2026 में स्थापित इस महाविद्यालय में फिलहाल कला संकाय (बीए) की पढ़ाई शुरू की गई है. भविष्य में विज्ञान और वाणिज्य सहित अन्य संकायों को भी जोड़ने की योजना है. स्थानीय लोगों का मानना है कि चौथम में डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नया आयाम मिलेगा और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का भविष्य संवर सकेगा.

Also Read: सिपाही भर्ती अभ्यर्थियों के लिए बड़ा तोहफा, गया जंक्शन से चलेंगी कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, देखिए टाइमटेबल

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन