तृणमूल नेताओं ने दी इस्तीफे की धमकी, जामुड़िया थाना प्रभारी के खिलाफ करेंगे मानहानि का मामला

Published at :08 Jul 2024 1:28 AM (IST)
विज्ञापन
तृणमूल नेताओं ने दी इस्तीफे की धमकी, जामुड़िया थाना प्रभारी के खिलाफ करेंगे मानहानि का मामला

तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर लगा है पैसे मांगने और वाहन चालकों की पिटाई का आरोप

विज्ञापन

जामुड़िया. जामूड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लाक दो स्थित परसिया आंचलिक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सह जामुड़िया पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष उदीप सिंह ने जामुड़िया थाना प्रभारी पर झूठे मामले में फंसाने एवं तृणमूल कांग्रेस के उच्च नेतृत्व को घटना की खबर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं करने के खिलाफ पंचायत प्रधान सह सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र देने की धमकी दी है. रविवार को उदीप सिंह के नेतृत्व में परसिया तृणमूल कांग्रेस अंचल कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन कर यह जानकारी दी गयी. मौके पर उदीप सिंह, परसिया ग्राम पंचायत प्रधान नीता घोष, उप प्रधान चाइना बाउरी, पंचायत सदस्य प्रियंका बाउरी, नीता बाउरी एवं समिति के सदस्य बादुली सोरेन उपस्थित थे. इस दौरान जामुड़िया थाना के प्रभारी राजशेखर मुखर्जी के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाये गये.

उदीप सिंह ने कहा कि कुछ दिनों पहले परसिया आदिवासी प्राथमिक विद्यालय के पास जो जनबहुल क्षेत्र है वहां अहम कांसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी असीम चक्रवर्ती के नेतृत्व में पीओबी नामक छाई से भराई का कार्य किया जा रहा था. जिसकी वजह से उस क्षेत्र में एवं आसपास रहने वाले लोगों को छाई की वजह से काफी परेशानी हो रही थी. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो जामुड़िया थाना प्रभारी ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी फोन पर दी. वहीं असीम चक्रवर्ती ने वहां चलने वाले छाई गाड़ी से 5000 रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए उनके साथ साथ कुल सात लोगों के विरुद्ध जामुड़िया थाने में मामला दर्ज कर दिया. उन्होंने भी असीम चक्रवर्ती के विरुद्ध स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके विरुद्ध मानहानि का केस दर्ज करने के लिए नोटिस भेजा है. एफआइआर के आधार पर बीती रात को जामुड़िया थाने की पुलिस ने मलय मंडल एवं उनके पिता रघुपद मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. असीम चक्रवर्ती द्वारा दर्ज प्राथमिकी में उदीप सिंह, अजय भुइंया, सीताराम भुइंया, मुख्तार अंसारी, दाऊद अंसारी, रघुपद मंडल, मलय मंडल सहित तथा अन्य 20-25 लोगों के नाम शामिल हैं. दूसरी ओर असीम चक्रवर्ती के प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद मधुसूदन सिंह जो कि परासिया ग्रुप ऑफ माइंस का एजेंट है, उन्होंने भी उनके खिलाफ जामुड़िया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. श्री सिंह ने कहा कि यह मामला उनके लिए मान सम्मान का विषय है. अगर इस विषय पर जामुड़िया थाना प्रभारी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम प्रधान, उप प्रधान, पंचायत समिति एवं समिति सदस्य सहित परसिया इलाके के जितने भी टीएमसी कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं वे सोमवार से ब्लॉक दो कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगे ओर जरूरत पड़ने पर अपना -अपना त्यागपत्र देंगे.

उदीप सिंह ने कहा कि राजशेखर मुखर्जी के अत्याचार से लोग परेशान हैं. उन्होंने कहा कि वे लोगों की सेवा करने के लिए पार्टी में हैं. उन्होंने कहा कि जामुड़िया थाना प्रभारी को वेतन जनता के पैसे से मिलता है. लेकिन वह कुछ उद्योगपतियों का स्वार्थ देखते हैं. उन्होंने कहा कि वह और उनके साथी अवैध मिट्टी बालू आदि के खिलाफ अभियान चला रहें हैं. शायद यही वजह है कि वह टीएमसी के लोगों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जन प्रतिनिधि होने के नाते वह इलाके में राख फेंकने का विरोध करते हैं, लेकिन जामुड़िया थाना प्रभारी उसी स्थान पर राख डलवाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वह उस कंपनी से पैसा लेते हैं, इसी वजह से वह उनके काम को रोक नहीं रहे हैं . उन्होंने कहा कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए कानून में जो प्रावधान है उसके मुताबिक उन्हें सजा दी जाए ,लेकिन बेवजह झूठे मामलों में उनका फंसाया जा रहा है. यह वह बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि जामुड़िया थाने के प्रभारी ने उन्हें धमकाया है .उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को भी पत्र लिखकर सारी स्थिति से अवगत कराया है.

वहीं पंचायत प्रधान अनीता घोष ने कहा कि पूरा प्रशासन टीएमसी द्वारा संचालित किया जा रहा है. इसके बावजूद अगर जामुड़िया थाने के प्रभारी टीएमसी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फसाते हैं तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

कंपनी ने लगाया तृणमूल पर रंगदारी मांगने का आरोप

वहीं बीते 28 तारीख को उदीप सिंह और उनके साथियों द्वारा जिस कंपनी के ट्रक को रोका गया था उस कंपनी के प्रभारी असीम चक्रवर्ती ने कहा कि उस ट्रक में छाई या केमिकल नही बल्कि कोयला निकालने के दौरान जो पत्थर जमीन के अंदर से निकाले जाते हैं उन पत्थरों को ही मशीन से पिसाई करके उसे पानी के साथ चलनी से चाल कर मोटे बालू के कण की तरह निकाल कर जमीन के अंदर बालू बंकर के तहत जमीन के भूगर्भ में डाला जाता है, क्योंकि बालू आपूर्ति नहीं हो पा रही है. यह प्रक्रिया बीते 2022 से चल रही है. केंद्र सरकार के द्वारा जारी टेंडर के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है. लेकिन उदीप सिंह का कहना था कि हर ट्रक पर पांच हजार रुपये देने होंगे. इसी मांग को लेकर उन्होंने उनकी कंपनी के चालकों की बुरी तरह से पिटाई की. उन्होंने कहा कि अगर उस दिन जामुड़िया थाना और केंदा फांड़ी की पुलिस के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते तो उनकी कंपनी के कुछ लोगों की हत्या तक हो सकती थी.

भाजपा ने तृणमूल पर साधा निशाना

वहीं इस संबध में भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी का कहना है कि जामुड़िया में जो कुछ भी हो रहा है उसकी एक वजह यह है कि जामुड़िया को रिमोट कंट्रोल आसनसोल से चलाया जाता है. भले ही जामुड़िया में टीएमसी के विधायक हैं. आसनसोल में भी टीएमसी के सांसद हैं, लेकिन बात जब जामुड़िया को चलाने की आती है तब रिमोट कंट्रोल आसनसोल के पास रहता है यह वहां के लोगों का दुर्भाग्य है. वहीं पर टीएमसी के सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा एक साथ इस्तीफा देने की बात पर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वे लोग ऐसा कोई कदम उठा सकते हैं. अब यह उदीप सिंह को फैसला करना है कि वह सिर झुका कर टीएमसी में रहना चाहेंगे या सिर उठाकर. आत्मसम्मान के साथ पार्टी से निकल जाना चाहिए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola