बैंक अधिकारियों को सिर काटने की धमकी देनेवाला गिरफ्तार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 Dec 2016 2:07 AM

विज्ञापन

मालदा. पत्र भेजकर सिर काटने की धमकी या सीबीआइ के नाम से फोन कर विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को ब्लैकमेल करने की धमकी के आरोप में संदेह के आधार पर इंगलिश बाजार थाने पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसका नाम सुकुमार मंडल (40) बताया गया है. कई महीनों से बैंक अधिकारियों के […]

विज्ञापन
मालदा. पत्र भेजकर सिर काटने की धमकी या सीबीआइ के नाम से फोन कर विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को ब्लैकमेल करने की धमकी के आरोप में संदेह के आधार पर इंगलिश बाजार थाने पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसका नाम सुकुमार मंडल (40) बताया गया है. कई महीनों से बैंक अधिकारियों के साथ हो रहीं इन घटनाओं से शहर में खौफ का माहौल था. बैंक अधिकारियों को धमकी देने के इस मामले ने पुलिस को भी बेचैन कर दिया था. करीब छह महीने से इस तरह की घटना हो रही थी.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना के खिलाफ बैंक अधिकारी एकजुट होकर जिला पुलिस अधीक्षक से मिले थे और कार्रवाई की मांग की थी. पिछले छह महीने से पुलिस के हाथ खाली थे. इस मामले को लेकर पुलिस ने कई बार जाल बिछाया, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार की रात फिर से एक जाल बिछाया. पुलिस को इस मामले में पहली सफलता मिली है. इंगलिश बाजार थाना प्रभारी पुर्णेंदु कुंडू ने बताया कि इस मामले में सुकुमार मंडल नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. उससे पूछताछ जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार सुकुमार मंडल मानिकचक थाना अंतर्गत चंडीपुर गांव का निवासी है. मालदा शहर के मालंचपल्ली इलाके में एक किराये के मकान में रहता है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले छह महीने से विभिन्न बैंक के अधिकारियों को आतंकी संगठन का नाम लेकर सिर काटने की धमकी, तो कभी सीबीआइ अधिकारी तो कभी हाइकोर्ट का न्यायाधीश बताकर फोन या पत्र के माध्यम से ब्लैकमेल करता था. गलत परिचय देकर बैंक अधिकारियों को डरा-धमकाकर रुपये एंठना ही आरोपी का मकसद है. उसे हिरासत में लेकर उसके मकसद व अन्य जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही है. इंगलिश बाजार थाने की पुलिस ने बताया कि पिछले कई दिन से केजे सान्याल रोड इलाके के सिंगतला मोड़ स्थित एक टेलीफोन बूथ से करीब रोजाना एक निर्दिष्ट समय पर सुकुमार फोन किया करता था. इससे बूथ मालिक व आसपास के अन्य दुकानदारों को सुकुमार पर संदेह हुआ. गुरुवार की रात भी सुकुमार उसी बूथ से फोन पर किसी को धमकी दे रहा था. तभी दुकानदारों ने मिलकर पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस के आने तक स्थानीय दुकानदारों ने मिलकर सुकुमार को पकड़ रखा था.
शहर के एक निजी बैंक अधिकारी देवाशीष दे ने बताया कि उन्हें मालदा आये हुए मात्र तीन माह ही हुए हैं. पिछले एक महीने से लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं. इसके अतिरिक्त किसी ने कोलकाता ब्रांच में फोन कर उनके नाम पर कई घोटाला करने का आरोप लगाया. पुलिस से इसकी शिकायत करने के अलावा जिस नंबर से उन्हें धमकी भरे कॉल आते थे वह फोन नंबर भी पुलिस को दिया. इधर, एक राष्ट्रीय बैंक अधिकारी इंद्रजीत सरकार ने बताया कि उन्हें भी एक अनजान नंबर से धमकी भरे कॉल आते थे. फोन करनेवाला व्यक्ति खुद को सीबीआइ अधिकारी बताता था. फिर कई बार आतंकी संगठन का नाम लेकर सिर काटने की धमकी भरे पत्र भी कार्यालय मिला. एक के बाद एक कई बैंक अधिकारियों के साथ यह घटना होने लगी. पीड़ित सभी बैंकअधिकारियों ने एकजुट होकर मालदा जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की शिकायत की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola