छठ पूजाः मीटिंग में शामिल लोगों को तलाश रही पुलिस
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :10 Oct 2017 9:46 AM (IST)
विज्ञापन

सिलीगुड़ी: छठ पूजा को लेकर दार्जिलिंग जिलाधिकारी द्वारा जारी फरमान के बाद रविवार को बर्दमान रोड स्थित जायसवाल भवन में सामाजिक संगठन बिहारी कल्याण मंच के बैनर तले पूरा हिंदीभाषी समाज एकजुट हुआ. महानंदा के संरक्षण व उसे बचाये रखने के नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के गाइड लाइन का सम्मान करते हुए कैसे नदी किनारे […]
विज्ञापन
सिलीगुड़ी: छठ पूजा को लेकर दार्जिलिंग जिलाधिकारी द्वारा जारी फरमान के बाद रविवार को बर्दमान रोड स्थित जायसवाल भवन में सामाजिक संगठन बिहारी कल्याण मंच के बैनर तले पूरा हिंदीभाषी समाज एकजुट हुआ. महानंदा के संरक्षण व उसे बचाये रखने के नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के गाइड लाइन का सम्मान करते हुए कैसे नदी किनारे पूजा आयोजित हो इस पर मैराथन मीटिंग में सभी समाजसेवियों और सिलीगुड़ी के छठ घाट पूजा आयोजक कमेटियों के प्रतिनिधियों से सलाह-मशवरा किया. इस बैठक के बाद से ही सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस मीटिंग में शिरकत करनेवाले समाजसेवियों की तलाश में जुट गयी है.
रविवार की देर रात को सिलीगुड़ी थाने की पुलिस शहर के नामी ज्वेलरी कारोबारी सह समाजसेवी विजय गुप्ता के घर पहुंची. आरोप है कि हिलकार्ट रोड स्थित घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर पुलिस जबरन घर में आ गयी और तलाशी अभियान चलाया. परिवार वालों का कहना है कि उनकी पत्नी ने पहले ही पुलिस को कह दिया था कि वह चाबी लाकर गेट खोल रही है. जबतक वह गेट तक पहुंचतीं उससे पहले ही पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गयी. हालांकि इस दौरान पुलिस को श्री गुप्ता घर में नहीं मिले.
मिली जानकारी के अनुसार श्री गुप्ता मीटिंग के बाद ही किसी कार्यवश सिलीगुड़ी से बाहर चले गये. देर रात को पुलिस की ये हरकतें श्री गुप्ता के घर और गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. पूरे शहर में पुलिस की इस कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़ा किया जा रहा है. पुलिस सूत्रों की मानें तो सिलीगुड़ी पुलिस बैठक में शिरकत करनेवाले और उसे संबोधित करनेवाले समाजसेवियों बिपिन बिहारी गुप्ता, गुड्डू सिंह, महानंदा मंडल समेत अन्य समाजसेवियों पर भी कड़ी नजर रख रही है. सूत्रों ने बताया कि सोमवार को उनके घरों पर बार-बार पुलिस वैन पहुंची है.
समाजसेवियों ने पुलिस कमिश्नर और एसडीओ से लगायी गुहार
सोमवार देर शाम को बिहारी कल्याण मंच के अध्यक्ष गणेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष बिपिन बिहारी गुप्ता, सचिव करणवीर सिंह, ब्रिज किशोर गुप्ता, राजेश राय, जीतेंद्र मिश्रा, बुलेट सिंह, नंदू प्रसाद व अन्य समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के हेडक्वार्टर में पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार सिंह व मल्लागुड़ी के विवेकानंद भवन में महकमा शासक (एसडीओ) से अलग-अलग मुलाकात कर छठ पूजा करने में सहयोग करने के लिए ज्ञापन सौंपा. साथ ही बीती रात से सिलीगुड़ी पुलिस द्वारा की जा रही छापामारी से भी दोनों को अवगत कराया. सीपी नीरज कुमार सिंह ने मौके से ही इंस्पेक्टर को फोन करके किसी के भी घर में दबिश नहीं करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने सभी से कोर्ट का निर्देश मानकर ही छठ पूजा करने व प्रशासन को सहयोग करने की अपील की.
श्री सिंह का कहना है कि आप सभी हमें सहयोग करें, प्रशासन आपको सहयोग करेगा. वहीं, एसडीओ का साफ कहना है कि नदी को लेकर कोर्ट के निर्देश का ही हमें पालन करना पड़ रहा हैं. इसमें हम कुछ नहीं कर सकते. लेकिन उन्होंने भी सभी से छठ पूजा कानून के दायरे में रहकर ही मनाने की गुजारिश की. उधर जल्द ही संस्था के प्रतिनिधि पर्यटन मंत्री गौतम देव के सिलीगुड़ी लौटने पर उनके साथ भी मुलाकात करेंगे.
इंस्पेक्टर ने दी सफाई
इस मामले को लेकर सोमवार को बिहारी कल्याण मंच और हिलकार्ट रोड व्यवसायी समिति के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने थाने में जाकर इंस्पेक्टर देवाशीष बोस से मुलाकात की. इस मुलाकात में समाजसेवियों के सामने श्री बोस ने अपनी सफाई में कहा कि कल हुई पूरी मीटिंग का फुटेज पुलिस प्रशासन के पास है. मीटिंग में किसने और क्या-क्या कहा इसकी पूरी जानकारी हमें है. मीटिंग पूरी तरह सांप्रदायिकता से प्रेरित थी. कानून का उल्लंघन करने और कोर्ट के निर्देश का सम्मान न करने पर पुलिस को अपना काम करना,उसकी जिम्मेदारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










