Kolkata Doctor Murder : आरजी कर अस्पताल में क्या हुआ था उस रात, सीबीआई ने किया खुलासा
Published by : Shinki Singh Updated At : 02 Sep 2024 1:41 PM
Kolkata Doctor Murder : सीबीआई के अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इमरजेंसी बिल्डिंग के ठीक पास ब्वॉयज हॉस्टल होने के बावजूद किसी ने घटना से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि क्यों नहीं देखी. केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रहे हैं.
Kolkata Doctor Murder : आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में एक जूनियर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार सिविक वॉलंटियर संजय राय फिलहाल न्यायिक हिरासत की अवधि संशोधनगार में काट रहा है. सीबीआई के अधिकारी घटना के पहले और उसके बाद आरोपी की हर गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं.
वारदात वाली रात ब्वॉयज हॉस्टल की छत पर देर रात तक चली थी पार्टी
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को तथ्य मिले हैं कि वारदात वाली रात अस्पताल के ब्वॉयज हॉस्टल की छत पर देर रात तक पार्टी चली थी. पार्टी आठ अगस्त की रात करीब नौ बजे से देर रात तक जारी रहने की बात सामने आ रही है. उसी रात पीड़िता अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग में ड्यूटी पर तैनात थी. यह हॉस्टल अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग के ठीक पीछे है. इमरजेंसी बिल्डिंग के सेमिनार हॉल से ही महिला चिकित्सक का शव बरामद हुआ था.वारदात वाली रात अस्पताल के ब्वॉयज हॉस्टल की छत पर देर रात तक पार्टी चली थी.
आरोपी संजय राॅय का अस्पताल में था काफी आना-जाना
जूनियर महिला चिकित्सक की हत्या मामले में कोलकाता पुलिस के सिविक वॉलंटियर संजय राय की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच में यह पहले ही पता चल चुका है कि आरोपी का अस्पताल में काफी आना-जाना था. इतना ही नहीं, जिन विभागों में उसके जाने की अनुमति नहीं थी, वह वहां भी पहुंच जाता था. गत नौ अगस्त की सुबह जूनियर महिला डॉक्टर का शव बरामद हुआ था. ठीक एक दिन पहले यानी आठ अगस्त की रात को आरोपी को बाइक लेकर अस्पताल में आते-जाते देखा गया था. आरोपी की गतिविधियों को लेकर सीबीआई तमाम तथ्यों को जुटाने की कोशिश में लगी है. इसी बीच, अस्पताल के पार्किंग स्थल में काम करनेवाले दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए तलब किया गया था.
Also read : Kolkata Doctor Murder : उलझे पेंच को सुलझाने के लिए संदीप घोष से सीबीआई की पूछताछ जारी
अस्पताल के पार्किंग स्थल के दो कर्मचारियों से भी पूछताछ
दोनों इस दिन सीबीआई कार्यालय में हाजिर हुए. बताया जा रहा है कि दोनों घटना वाले दिन ड्यूटी पर थे और उनसे यह जानने की कोशिश की गयी कि आरोपी राय कब आया और कहां गया. उसके साथ कोई और था या नही. आरोपी अस्पताल से अपनी बाइक लेकर कब निकला.अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के तथ्यों को लेकर भी उनसे अधिकारियों ने जानना चाहा. हालांकि, जांच के बाबत सीबीआई ने आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं बताया है.
क्या है मामला
आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग के चौथे तल पर स्थित सेमिनार हॉल से गत नौ अगस्त की सुबह एक जूनियर महिला चिकित्सक का शव मिला था. घटना के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. मामले की पहले जांच कर रही कोलकाता पुलिस की स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) ने इस घटना के सिलसिले में अगले ही दिन ही यानी 10 अगस्त को पुलिस के ही एक सिविक वॉलंटियर संजय राय को गिरफ्तार किया था. कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को इस मामले की जांच सीबीआइ को सौंप दी थी और इसके अगले दिन केंद्रीय एजेंसी ने जांच कोलकाता पुलिस से अपने हाथों में ले ली थी.
ब्वॉयज हॉस्टल होने के बावजूद किसी ने घटना से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि क्यों नहीं देखी
बताया जा रहा है कि सीबीआई के अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि इमरजेंसी बिल्डिंग के ठीक पास ब्वॉयज हॉस्टल होने के बावजूद किसी ने घटना से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि क्यों नहीं देखी. केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रहे हैं. इस दिन अधिकारियों की टीम के साथ कानून के ऑफिसर भी थे. अधिकारियों ने अस्पताल में हुई तोड़फोड़ को लेकर भी जांच की है. साथ ही अस्पताल में सुरक्षा की कमान सीआइएसएफ द्वारा संभाले जाने पर वहां के हालातों की भी समीक्षा की.
Also read : Kolkata Doctor Murder Case : सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, हुआ गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










