सिलीगुड़ी: शहर में फिर भिड़े सिटी ऑटो और टोटो चालक हिंसक झड़प, कई घायल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Apr 2017 8:49 AM
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी में सिटी ऑटो और इ-रिक्शा ‘टोटो’ चालकों के बीच हिंसक संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर दादागीरी का आरोप लगाते हुए शनिवार को पूरे शहर को रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया. दिनभर कई जगहों पर दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई. इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्ष […]
शनिवार को टोटो चालकों की कथित धांधली के विरूद्ध सिटी ऑटों चालकों का गुस्सा फूट पड़ा. पूरे शहर में ऑटो चालकों ने परिचालन पूरी तरह ठप्प कर दिया. टोटो चालकों की दादागीरी और धांधली के विरूद्ध सिटी ऑटों चालकों का विरोध-प्रदर्शन सुबह करीब 10.30 बजे पीसी मित्तल बस स्टैंड के सामने सेवक रोड से शुरू हुआ जो धीरे-धीरे पूरे शहर में फैल गया. प्राप्त समाचार के अनुसार वेनस मोड़-सालूगाड़ा रूट पर एक ऑटो सुबह कंचन सिंह चला रहा था. सुबह करीब 10.30 बजे वह सालूगाड़ा की ओर जा रहा था. पीसी मित्तल बस स्टैंड के सामने दो-तीन सवारी ने सालूगाड़ा जाने के लिए ऑटो को हाथ दिखाया. जैसे ही सवारी ऑटो पर सवार हुए उसी दौरान दो टोटो चालक वहां पहुंचकर कंचन को जबरन सवारी उतारने का दबाव देने लगे. इसका कंचन ने जब विरोध किया तो दोनों टोटो चालक उसे बुरी तरह पीटने लगे. यह देख अन्य ऑटो चालक भी मौके पर पहुंचे और आरोपी टोटो चालकों को पीट डाला.
टोटो की चाबी छिनी गयी और तोड़-फोड़ की गयी. वेनस मोड़ पर भी गुस्साये ऑटो चालकों ने एक टोटो को जबरदस्ती रोका और चाबी ले ली. उसको बुरी तरह से पीटा भी. गुस्साये ऑटो चालकों ने टोटो चालक की एक नहीं चलने दी. कई टोटो के चक्के का हवा भी निकाल दिया गया. बाद में जख्मी टोटो चालक कुणाल सरकार ने मीडिया को बताया कि वह एनजेपी का रहनेवाला है और एनजेपी-गेटबाजार-तीनबत्ती मोड़ इलाके में ही टोटो चलाता है.
आज वह एनजेपी से एक मरीज को उनके परिजनों के साथ हाकिमपाड़ा स्थित मित्र नर्सिंग होम में भरती करने ले जा रहा था कि वेनस मोड़ पर दो-तीन ऑटो चालक कोई बात किये बगैर ही उसपर टूट पड़े. इस दौरान पुलिस भी मौजूद थी लेकिन मूक दर्शक बनी रही. बाद में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के सहायक पुलिस कमिश्नर (एसीपी) देंदुप शेरपा व सिलीगुड़ी थाना के इंस्पेक्टर देवाशीष बोस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों के साथ सख्ती से पेश आकर तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रण किया. साथ ही पीड़ित टोटो चालकों को ऑटो चालकों से छुड़वाया. पुलिस अधिकारियों ने सिटी ऑटो चालकों से बातचीत कर वापस ऑटो चलाने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










