एक घंटे की झमाझम बारिश में स्मार्ट सिटी बेहाल, गुरुद्वारा रोड मछली मार्केट बस्ती के 50 घरों में घुसा नाले का पानी

Updated:
विज्ञापन

घर से पानी निकालती महिला.

राउरकेला में एक घंटे की मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी. गुरुद्वारा रोड, मछली मार्केट बस्ती के 50 से अधिक घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खराब ड्रेनेज सिस्टम के चलते शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है.

विज्ञापन

राउरकेला : राउरकेला महानगर निगम के वार्ड नंबर-25 स्थित गुरुद्वारा रोड, मछली मार्केट बस्ती में लगातार जलभराव की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. सोमवार सुबह हुई झमाझम बारिश के बाद करीब 50 से अधिक घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया है.

कपड़े, बच्चों की किताबें व घरेलू सामान हुआ बर्बाद

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरएमसी की ओर से बड़े नाले को छोटा कर देने की वजह से पानी की निकासी बाधित हो गयी है. इसी कारण बारिश और नाले का गंदा पानी सीधे घरों में भर रहा है. पानी घुसने से घरों में रखे कपड़े, बच्चों की किताब-कॉपी और घर का राशन समेत सारा सामान खराब हो जाता है. हर साल बरसात में यही हालात बनते हैं, जिससे लोग परेशान हैं. जलभराव के कारण कई बच्चों को स्कूल से छुट्टी करनी पड़ रही है. पीड़ित परिवारों ने बताया कि घरों में कीचड़ और बदबू के कारण रहना मुश्किल हो गया है. बीमारी का डर भी बना हुआ है. लोगों ने प्रशासन और आरएमसी से मांग की है कि नाले की सफाई और चौड़ाई को जल्द ठीक किया जाये, ताकि हर साल की इस परेशानी से छुटकारा मिल सके.


राउरकेला मुख्य मार्ग में जलजमाव के बीच से गुजरते वाहन.
राउरकेला मुख्य मार्ग में जलजमाव के बीच से गुजरते वाहन.

विधायक व आरएमसी अधिकारी को झेलनी पड़ी नाराजगी

इसकी सूचना मिलने पर राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक और आरएमसी के अधिकारी बस्ती में स्थिति का जयजा लेने पहुंचे, तो उन्हें परेशान लाेगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा. बस्ती की महिलाएं आरएमसी अधिकारी का हाथ पकड़कर घर तक ले गयीं और स्थिति दिखायी. स्थानीय लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी. जिस पर विधायक व आरएमसी ने प्रभावी पहल करने का भरोसा दिया है.

मुख्य मार्ग बना तालाब

शहर में सोमवार की सुबह महज एक घंटे की झमाझम बारिश ने जमकर तबाही मचायी. दर्जनों घरों में पानी भर गया. शहर का मुख्य मार्ग भी कई स्थानों पर तालाब बन गया. जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं कई लोगों की बाइक में पानी घुस जाने से स्टार्ट होने की समस्या देखी गयी. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह आठ से लेकर 9:00 बजे तक करीब एक घंटे मूसलाधार बारिश हुई. इस बारिश ने पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्मार्ट सिटी में खराब ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है. बारिश से पूर्व मुख्य ड्रेन समेत अन्य नालियों की सफाई काम पूरी तरह से नहीं होने से पानी की निकासी नहीं पायी थी. सोमवार को बारिश के बाद शहर के मुख्य मार्ग पर ओल्ड टैक्सी स्टैंड के पास पूरा अंचल तालाब में तब्दील हो गया था तथा वहां खड़ी गाड़ियां पानी में डूबी नजर आयीं.

ओडिशा में 16 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले दो दिनों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच ओडिशा के कई हिस्सों में 16 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी. आइएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि चक्रवाती परिसंचरण के 12 अगस्त के आसपास निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है. मौसम विभाग ने बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक समेत कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.बुलेटिन में कहा गया है कि दिन के दौरान राज्य के कई स्थानों पर बिजली चमकने और तेज सतही हवाओं के साथ गरज-चमक की भी संभावना है.

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

मौसम विभाग ने बताया कि 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 11 से 14 अगस्त के बीच ओडिशा तट के पास और उससे सटे समुद्री क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी है.


विज्ञापन
जगन्नाथ महतो

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola