Rourkela News: हाइवा ने साइकिल से जा रही महिला को कुचला, मौत
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 06 Apr 2026 11:12 PM
Rourkela News: डीएवी चौक के पास हाइवा ने एक महिला को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. लोगों ने इसके विरोध में प्रदर्शन किया.
Rourkela News: डीएवी चौक के पास सोमवार की सुबह 7:30 बजे एक बेलगाम हाइवा ने साइकिल से जा रही कामकाजी महिला को कुचल दिया. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) ले जाया गया. लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान 23 वर्षीय सुमन नायक के रूप में हुई है. वह सेक्टर-6 के जामटोली बस्ती की निवासी थी.
सड़क पार करते समय तेज रफ्तार हाइवा ने उसे चपेट में ले लिया
सुमन रोजाना की तरह सोमवार सुबह अपनी साइकिल से बालूघाट स्थित कचरा निस्तारण केंद्र जा रही थी, जहां वह काम करती थी. साइकिल से सड़क पार करते समय तेज रफ्तार हाइवा ने उसे चपेट में ले लिया. जिससे उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आयीं. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया और हाइवा को जब्त कर थाना ले आयी.
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर मचाया हंगामा
हादसे से आक्रोशित लोगों की भीड़ ने जमकर हंगामा मचाया. मृतक के परिवार को मुआवजा तथा चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लोगों ने घंटों बवाल काटा. उनका कहना था कि रोजाना सुमन काम पर जाती थी और हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करती थी. हाइवा तेज रफ्तार से आया और उसे कुचल दिया. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लोगों ने की.दो बच्चों की मां थी सुमन
मृतक सुमन दो बच्चों की मां थी और कचरा निस्तारण केंद्र में काम कर अपना घर चलाती थी. परिवार और पड़ोसियों ने बताया कि सुमन की शादी सेक्टर-21 निवासी विजय नायक के साथ हुई थी. किसी मामले में वह राउरकेला जेल में बंद है. वहीं सुमन अपने दोनों बच्चों के साथ अपने पिता कुंजन नायक के घर में रह रही है और काम कर अपने बच्चों का पेट पाल रही थी. उसकी मौत के बाद बच्चे अनाथ की तरह हो गये हैं.चालक को छोड़े जाने की अफवाह पर आक्रोशित हो उठी भीड़
हादसे की सूचना पाकर पहुंचे परिजन और पड़ोसी उदितनगर थाना में मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान कहीं से अफवाह उठ गयी कि चालक को पुलिस बोलेरो में लेकर छोड़ने जा रही है, जिसके बाद भीड़ आक्रोशित हो उठी. बाद में स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने लोगों को बताया कि आरोपी चालक थाना में ही है, जिसके बाद लोग शांत हुए.
ट्रैफिक सिग्नल होने के बावजूद नहीं थम रही बेलगाम रफ्तार
जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां पर ट्रैफिक सिग्नल लगा है. डीएवी चौक के पास डीएवी स्कूल, यूजीआइइ कॉलेज जैसे कई शिक्षण संस्था हैं, जहां से रोजाना हजारों विद्यार्थियों व अभिभावकों का आवागमन होता है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां पर ट्रैफिक सिग्नल शुरू किया गया है, इसके बावजूद वाहनों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










