Rourkela News: 44 डिग्री के पास पहुंचा राउरकेला का पारा, अस्पतालों में बढ़े हीट स्ट्रोक के मरीज

Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 23 May 2026 11:34 PM

विज्ञापन

Rourkela News: सुंदरगढ़ जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है. शनिवार को राउरकेला शहर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.

विज्ञापन

Rourkela News: सुंदरगढ़ जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है. तापमान रोजाना 41 से 42 डिग्री के आसपास बना हुआ है. शनिवार को राउरकेला शहर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. आलम यह है कि सुबह 9:00 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. लू लगने से लोग बेहोश होकर गिर रहे हैं और अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है.

तीन दिनों में हीट स्ट्रोक के 35 से अधिक मरीज अस्पताल में हुए भर्ती

जलदा निवासी लालमोहन गोप (43) शुक्रवार की सुबह 11:00 बजे काम पर निकले थे. गर्मी के कारण वह चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़े. उन्हें आरजीएच में भर्ती कराया गया है. उदितनगर के ओरामपाड़ा अंचल में एक महिला घर की छत पर कपड़े सुखाते समय लू लगने से गिर गयी. परिजन उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल ले गये. सिर्फ आरजीएच ही नहीं, सुंदरगढ़ जिला मुख्य अस्पताल, आइजीएच और सीडीएमओ कार्यालय के तहत सभी सीएचसी-पीएचसी में रोजाना 2 से 3 हीट स्ट्रोक के मरीज भर्ती हो रहे हैं. पिछले दो-तीन दिनों में जिले के सरकारी अस्पतालों में 35 से अधिक हीट स्ट्रोक के मरीज भर्ती हुए हैं. पिछले दो महीनों में जिले में 14 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सभी मौतें हीट स्ट्रोक से हुई हैं या किसी अन्य कारण से. सीडीएमओ के निर्देश पर गठित मेडिकल टीम इसकी जांच कर रही है.

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

लू के प्रकोप से निपटने के लिए सुंदरगढ़ जिला मुख्य अस्पताल, आरजीएच राउरकेला और सभी सीएचसी-पीएचसी में विशेष वार्ड बनाये गये हैं. दवाइयों और ओआरएस का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शहर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में हीट स्ट्रोक के मरीजों और मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका है. प्रशासन ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है. साथ ही लोगों से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है.

बंडामुंडा में बिजली कटौती से लोग परेशान

भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने रेलनगरी बंडामुंडा के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. पिछले दो दिनों से इलाके में बिजली की आंख-मिचौली जारी है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. खासकर रात के समय बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद हराम हो गयी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुरुवार और शुक्रवार की रात कई बार बिजली कटी. स्थिति ऐसी रही कि बिजली कुछ देर के लिए आती और करीब 10 मिनट बाद फिर से चली जाती. पूरी रात यही सिलसिला चलता रहा, जिससे लोग काफी परेशान रहे. इधर बिजली विभाग के कर्मियों ने बताया कि अधिक लोड पड़ने से उपकरण बार-बार ट्रिप कर रहे हैं. साथ ही अत्यधिक तापमान की वजह से तारों और अन्य बिजली उपकरणों में खराबी की शिकायतें भी बढ़ रही हैं. विभाग की ओर से समस्या को जल्द दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.

स्मार्ट वाटर स्टेशन नहीं कर रहा काम, खरीदकर पानी पी रहे मरीज

पानपोष सब्जी मार्केट में लगा स्मार्ट वाटर स्टेशन पिछले कई दिनों से काम नहीं कर रहा है. नतीजतन यहां आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मार्केट में रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते हैं, लेकिन प्यास लगने पर उन्हें इस वाटर स्टेशन से नहीं, बल्कि खरीदकर बोतलबंद पानी पीना पड़ता है. इस बारे में स्थानीय लोग लगातार मांग कर रहे हैं लेकिन इसे दुरुस्त करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है. सब्जी मार्केट में अकसर आने वाले सरफराज तारीक ने इस बारे में बताया कि वे पिछले दस दिनों से ज्यादा समय से इसे बंद देख रहे हैं. प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola