सड़क पर एक फुट तक बह रहा पानी, कई इलाकों में जलजमाव
फोटो - ईट्टा भट्टा अंचल में मोटर से पानी निकाला जा रहा है। | Prabhat Khabar Network
झारसुगुड़ा में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। निचले इलाकों में पानी भरने से सड़कों पर एक फुट तक जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
-झारसुगुड़ा में औसतन 61.92 मिमी, लखनपुर में सर्वाधिक 138 मिमी बारिश रिकॉर्ड -झारसुगुड़ा, ब्रजराजनगर और बेलपहाड़ में जनजीवन हुआ प्रभावित, लोगों की बढ़ी चिंता -झारसुगुड़ा के कई इलाकों में पंप के जरिये निकाला जा रहा पानी झारसुगुड़ा, प्रतिनिधि झारसुगुड़ा शहर में रविवार से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गये हैं. जल निकासी नहीं होने से कोक्स कॉलोनी, ईंटाभट्टा सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया है.
नगर परिषद की ओर से कोक्स कॉलोनी में पंप के जरिये पानी निकाला जा रहा है, जबकि ईंटाभट्टा क्षेत्र में पानी घरों में घुस गया है. सड़कों पर लगभग एक फुट तक पानी बहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है. मॉनसून की शुरुआत में ही इस तरह की स्थिति ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक झारसुगुड़ा में 52 मिमी तथा सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 55.4 मिमी वर्षा दर्ज की गयी.
वहीं जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह तक जिले में औसतन 61.92 मिमी बारिश हुई. सबसे अधिक 138.2 मिमी वर्षा लखनपुर में दर्ज की गयी. इसके अलावा झारसुगुड़ा में 62.0 मिमी, कोलाबीरा में 41.0 मिमी, लैयकेरा में 32.2 मिमी तथा किरमिरा में 36.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. इस बारिश से ईंटाभट्टा क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हैं, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है. गौस कॉलोनी में दो पंपों की सहायता से पानी निकाला जा रहा है, लेकिन यदि बारिश जारी रही, तो स्थिति और गंभीर होने की आशंका है. जिले के ब्रजराजनगर और बेलपहाड़ नगर परिषद क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है. ब्रजराजनगर में नगर परिषद ने जल जमाव से प्रभावित लोगों को सूखी खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी है. इधर छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश के कारण हीराकुद बांध के ऊपरी हिस्से की नदियों में जल स्तर बढ़ गया है. यदि वर्षा का सिलसिला जारी रहा, तो लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









