रेंगारी ने मरियमपुर को 3-1 से हरा कर बना चैंपियन

प्रथम पुरुष हॉकी सिमडेगा मास्टर्स कप का समापन
सिमडेगा. एस्टोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित प्रथम पुरुष हॉकी सिमडेगा मास्टर्स कप संपन्न हुआ. पांच दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में रेंगारी की टीम ने मरियमपुर को 3-1 से हरा कर चैंपियन बनी. तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में बांसपहार कोचेडेगा ने सिमडेगा पूर्वी को पराजित किया. मुख्य अतिथि के रूप में विधायक भूषण बाड़ा व विशिष्ट अतिथि के रूप में डीसी कंचन सिंह, एसपी एम अर्शी मौजूद थे. अतिथियों ने विजेता टीम को नगद 10 हजार, ट्रॉफी और टीशर्ट एवं उपविजेता को पांच हजार रुपये, ट्रॉफी और टीशर्ट तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ढाई हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता की खासियत यह रही कि इसमें 45 से 70 वर्ष आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों ने भाग लिया. 1971 भारत-पाक युद्ध के योद्धा थेवोदर मिंज (75 वर्ष) समेत कई दिग्गजों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपस्थिति ने टूर्नामेंट को ऐतिहासिक बना दिया. मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा यह टूर्नामेंट साबित करता है कि खेल उम्र से परे है. 40 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ियों को मैदान में पूरे जोश के साथ खेलते देखना गर्व की बात है. यह आयोजन सिमडेगा की खेल संस्कृति को नयी दिशा देगा. टूर्नामेंट ने साबित कर दिया कि रिटायरमेंट फाइलों में होती है, मैदान में नहीं. उन्होंने कहा कि सिमडेगा की मिट्टी सच में खेलों की नर्सरी है. यहां खिलाड़ी ऐसे पैदा होते हैं, जैसे खेत में धान की फसल. डीसी कंचन सिंह ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का यह पहला आयोजन ऐतिहासिक है. खिलाड़ियों का जोश व ऊर्जा देख कर यह स्पष्ट है कि खेल की भावना उम्र बढ़ने के साथ भी जीवित रहती है. उन्होंने कहा कि हॉकी हमें टीम भावना सिखाती है. हमें समाज में भी एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहिए. डीसी ने गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती और दशहरा पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अवसरों से सद्भाव, समता और अच्छाई की विजय का संदेश मिलता है. एसपी एम अर्शी ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है. मैंने मैदान पर 70 वर्ष के खिलाड़ी को भी पूरे जोश और दमखम के साथ खेलते देखा. जो सभी के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को रिटायरमेंट के बाद भी सक्रिय और ऊर्जावान बनाये रखता है. सिमडेगा मास्टर्स कप ने यह संदेश दिया है कि उम्र कभी भी खेल भावना में बाधा नहीं बन सकती. मौके पर हॉकी संघ के अध्यक्ष मनोज कोंनबेगी, जिला विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद, अख्तर खान आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




